2 अक्टूबर को नेपाल से शुरू होगी ‘प्रकृति पथ’ यात्रा:3 हजार किमी साइकिल चलाकर प्रकृति बचाने का संदेश देंगे डॉ. अनिल जोशी, मेरठ में भी होगा स्वागत
प्रकृति और पर्यावरण को बचाने के संदेश के साथ पद्म भूषण से सम्मानित पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी 3 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा पर निकलेंगे। बुधवार को बच्चा पार्क स्थित ब्लॉजम स्कूल में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘प्रकृति पथ- Pedal for Nature’ यात्रा की जानकारी दी गई। बताया गया कि यात्रा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन नेपाल के जनकपुर से शुरू होगी और करीब 50-55 दिन बाद दिल्ली में खत्म होगी। यात्रा के दौरान रोजाना करीब 50-60 किलोमीटर साइकिल चलाने का लक्ष्य रखा गया है। नेपाल से शुरू होकर यह यात्रा बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इस दौरान गांव, कस्बों और शहरों में लोगों से बातचीत कर पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा। खासतौर पर हवा, पानी और मिट्टी के बढ़ते संकट के साथ ग्लोबल वार्मिंग और कार्बन फुटप्रिंट को लेकर लोगों को जागरूक करने की बात कही गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण का संकट अब सिर्फ किसी एक जगह या शहर की समस्या नहीं है। इसका असर सीधे लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। इसी को लेकर यात्रा में लोगों को जोड़ने, संवाद करने, सहयोग लेने और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। अभियान के चार मंत्र कनेक्ट, कम्यूनिकेट, कोलेबोरेट और कंज़र्व रखे गए हैं। मेरठ में भी होगा यात्रा का स्वागत वक्ताओं ने बताया कि यात्रा के दौरान मेरठ में भी दल का स्वागत किया जाएगा। यहां कार्बन फुटप्रिंट कम करने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता पर चर्चा होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. श्याम घई, अविनाश सिंह अलग, गिरिश शुक्ला, कल्पना पाण्डेय, अरविंद गौरव, लोकेश रूहेला, पवनेश गौड़, शोभित प्रसाद और रविकांत शर्मा मौजूद रहे। डॉ. अनिल जोशी ने यात्रा के उद्देश्य को लेकर कहा है कि लोग प्रकृति को भूलते जा रहे हैं, जबकि इंसान की जरूरतें प्रकृति से ही पूरी होती हैं। यात्रा के जरिए ‘प्रकृति ही प्रवृत्ति है’ और ‘प्रकृति ही सर्वोपरि धर्म है’ का संदेश लोगों तक पहुंचाने की कोशिश होगी। यात्रा में सुर संस्थान, ब्लॉजम स्कूल व ज्ञानोदय संस्थान, जागरूक नागरिक एसोसिएशन, स्पैरो हाउस आर्गेनाइजेशन, सारथी फाउंडेशन और इनर व्हील क्लब का सहयोग रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)