2 अलग-अलग सड़क हादसे 5 लोग घायल और 2 गंभीर
भास्कर न्यूज | बलरामपुर जिले में रविवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। हादसों में एक युवक का पैर टूट गया, जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाकर उपचार कराया गया। पहली घटना रात करीब 9 बजे अधौरा पेट्रोल पंप के नजदीक हुई। बताया गया कि करीब 30 वर्षीय शंकरपाल पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर मुकेश राय (20) और मुनेश राय (21) सवार थे। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक और पैदल जा रहे शंकरपाल घायल हो गए। हादसे की सूचना निजी एंबुलेंस चालक एवं समाजसेवी राघव सोनी को मिली। उन्होंने तत्काल अपनी एंबुलेंस से तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। घायलों में दो को गंभीर चोटें बताई गई हैं। दूसरी घटना रात करीब 11:30 बजे बलरामपुर न्यायालय तिराहे के पास हुई। जानकारी के अनुसार रामानुजगंज की ओर से अंबिकापुर जा रहे ट्रक सीजी 09- 8593 को पीछे से पिकअप क्रमांक बीआर 45 जीबी 2146 ने जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप में जूते-चप्पलों के बंडल लदे हुए थे। पिकअप के ऊपर भी दो लोग बैठे हुए थे। टक्कर के दौरान एक व्यक्ति नीचे गिर गया, जबकि दूसरा वाहन में ही रह गया। दोनों को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग वाहन से मंगल पैकरा एवं चिराग प्यारे मोहन मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाकर उपचार के लिए भर्ती कराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)