20 स्कूलों के निरीक्षण में 15 शिक्षक-शिक्षामित्र अनुपस्थित:उन्नाव में कार्रवाई के निर्देश दिए, भैंस हटवाई और अवैध कब्जा खाली कराया
उन्नाव। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शैलेश कुमार पांडेय ने मंगलवार को सुबह से दोपहर तक जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। बांगरमऊ, गंजमुरादाबाद और फतेहपुर चौरासी ब्लाक के विद्यालयों समेत हरदोई सीमा तक किए गए निरीक्षण में कई शिक्षक और शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। बीएसए ने अनुपस्थित मिले कर्मचारियों के खिलाफ वेतन कटौती समेत अन्य कार्रवाई के निर्देश दिए। बीएसए ने बांगरमऊ ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय बेरियागाड़ा पहुंचकर सबसे पहले विद्यालय की प्रार्थना सभा में भाग लिया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से भी पठन-पाठन को लेकर सवाल किए।
इसके बाद उन्होंने गंजमुरादाबाद क्षेत्र के श्रीधरपुर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां विद्यालय के मुख्य गेट के पास एक ग्रामीण द्वारा भैंस बांधी गई थी। बीएसए ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर ही भैंस को हटवाया और विद्यालय परिसर के पास किए गए अवैध कब्जे को खाली कराया। इसके बाद बीएसए ने गंजमुरादाबाद और बांगरमऊ ब्लाक के कई अन्य परिषदीय विद्यालयों का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय की व्यवस्थाओं, पठन-पाठन, विद्यार्थियों की शैक्षिक स्थिति और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा में पहुंचकर छात्रों से पढ़ाई के संबंध में सवाल किए और शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे कार्यों का फीडबैक लिया।
इसके बाद बीएसए फतेहपुर चौरासी ब्लाक पहुंचे। उन्होंने फतेहपुर चौरासी के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय/बीआरसी का निरीक्षण किया और कार्यालयीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा ब्लाक क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों का भी निरीक्षण किया गया। बीएसए के अनुसार, मंगलवार को कुल 20 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इनमें नौ शिक्षक और छह शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित मिले शिक्षकों और शिक्षामित्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)