काम दिलाने नोएडा ले गए युवक की हत्या की आशंका:मां ने एसएसपी से मांगी मदद, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
फिरोजाबाद में सिरसागंज थाना क्षेत्र के अहाते टोला निवासी विधवा मां ने अपने 22 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव गायब किए जाने की आशंका जताते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवक काम दिलाने के बहाने उसके बेटे को नोएडा ले गए थे। वहां उसके साथ मारपीट की गई और इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। पीड़िता ने सिरसागंज पुलिस पर शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज न करने का भी आरोप लगाया है। अहाते टोला निवासी नीतू के मुताबिक उसका बेटा मोहित मजदूरी करता था। आरोप है कि 22 जून को मोहल्ले के अन्शू और छोना उसे काम दिलाने की बात कहकर अपने साथ नोएडा ले गए। कुछ समय तक मोहित से फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन बाद में दोनों आरोपियों के व्यवहार को लेकर मां को संदेह होने लगा। हत्या कर शव को गायब कर दिया गया महिला का कहना है कि 14 सितंबर को मोहित ने फोन कर रोते हुए बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की है और उसे घर नहीं आने दिया जा रहा है। उसने घर लौटने की इच्छा जताई और किराए के रुपये मांगे। इसके बाद मां ने शाम 4:52 बजे आरोपी के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन 250 रुपये भी भेजे। पीड़िता के अनुसार इसके बाद से मोहित का कोई पता नहीं चला। आरोपियों से जानकारी करने पर उनके बयान भी अलग-अलग सामने आए, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। मां का आरोप है कि उसे आशंका है कि बेटे की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। थाने से नहीं मिली मदद का आरोपपीड़िता का कहना है कि बेटे के संबंध में जानकारी जुटाने और कार्रवाई की मांग को लेकर वह सिरसागंज थाने पहुंची, लेकिन उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद वह मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कराने तथा बेटे की तलाश कराने की मांग की। मां ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों से पूछताछ कर बेटे का पता लगाने और यदि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)