23 अक्टूबर से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन:अलीगढ़ में MLC चुनाव पर मंत्री संदीप सिंह बोले- सभी 11 सीटें जीतेंगे, एक मंच पर जुटे सांसद, विधायक, एमएलसी और पदाधिकारी

Oct 18, 2026 - 18:09
0
23 अक्टूबर से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन:अलीगढ़ में MLC चुनाव पर मंत्री संदीप सिंह बोले- सभी 11 सीटें जीतेंगे, एक मंच पर जुटे सांसद, विधायक, एमएलसी और पदाधिकारी
विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान से पहले भाजपा ने अलीगढ़ में अपनी एकजुटता दिखाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार शाम रामघाट रोड के एक होटल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व, सरकार के प्रतिनिधियों, सांसद, विधायकों, एमएलसी और संगठन के पदाधिकारियों ने एक मंच से चुनावी तालमेल का संदेश दिया। नेताओं ने दावा किया कि संगठन और जनप्रतिनिधि एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। संदीप सिंह बोले- एक-एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ भाजपा चुनाव मैदान में है। संगठन का एक-एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा है और पार्टी के सभी लोग एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रबुद्ध वर्ग का चुनाव है। शिक्षक और स्नातक मतदाता प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए बदलाव, सरकार के कामकाज और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को समझते हैं। उन्होंने शिक्षकों के हित में सरकार की ओर से किए गए कार्यों को जीत का आधार बताया। कहा कि पिछले वर्षों में प्रदेश की स्थिति बदली है और विधान परिषद सदस्यों ने भी अपने कार्यकाल में काम किया है। उनके मुताबिक, प्रबुद्ध वर्ग इन कामों का आकलन करके अपना निर्णय करेगा। संदीप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बताया। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज और आतंक जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगा है। सपा के आरोपों पर पलटवार, हार की आशंका से गड़बड़ी की बात करने का आरोप चुनाव में गड़बड़ी को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर संदीप सिंह ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष हार की स्थिति में होता है तो वह चुनावी गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाने लगता है। उनके अनुसार, विपक्ष को अपनी स्थिति का अंदाजा है, इसलिए इस तरह की बातें की जा रही हैं। दुर्विजय सिंह का दावा- स्नातक सीट वापस लाएंगे, शिक्षक सीट भी जीतेंगे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि पार्टी आगरा खंड की स्नातक और शिक्षक, दोनों सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि स्नातक सीट भाजपा दोबारा अपने खाते में लाएगी और शिक्षक सीट पर भी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने स्नातक प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और शिक्षक प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी के संगठनात्मक संपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता का उल्लेख किया। सांसद सतीश गौतम बोले- कार्यकर्ताओं का चुनाव सांसद सतीश गौतम ने कहा कि दोनों सीटों के चुनाव में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके मुताबिक, पार्टी का कार्यकर्ता तन-मन से चुनाव में जुटा है और प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहा है। उन्होंने दोनों सीटों पर जीत का भरोसा जताया। बरौली विधायक एवं पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने भी भाजपा की जीत का दावा किया। नेताओं के इन बयानों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता को प्रमुखता दी गई। पार्टी का जोर इस बात पर रहा कि चुनाव केवल प्रत्याशियों का नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक मेहनत का भी है। छह साल के काम लेकर मतदाताओं के बीच पहुंचे मानवेंद्र आगरा खंड स्नातक सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने पिछले छह साल के कार्यकाल में कराए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने शिक्षा, शिक्षकों और विद्यालयों से जुड़े मुद्दों पर किए गए प्रयासों को सामने रखते हुए कहा कि उन्हें मतदाताओं के समर्थन का भरोसा है। उन्होंने 23 अक्टूबर को अधिक से अधिक मतदान होने की उम्मीद जताई। छात्रसंघ चुनाव पर भी उठा सवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी पूछा गया। सवाल था कि जब प्रदेश में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव हो रहे हैं तो विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं। इस पर डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अलग-अलग चुनावों की प्रक्रिया और समय अलग रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव के बाद महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए प्रयास करेंगे। छात्रसंघ चुनाव का सवाल ऐसे समय उठा, जब शिक्षा से जुड़े मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा अपने कार्यकाल और शिक्षा क्षेत्र के कामकाज को प्रमुखता से सामने रख रही है। एक मंच पर दिखे भाजपा के कई बड़े चेहरे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. तारिक मंसूर, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, ब्रज क्षेत्र महामंत्री मधुलिका राघव, महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा, शिवनारायण शर्मा, विधायक रविंद्र पाल सिंह और विधायक राजकुमार सहयोगी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। हालांकि, शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा, खैर विधायक एवं राज्यमंत्री सुरेंद्र दलेर और विधायक अनिल पाराशर अपनी-अपनी व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। एकजुटता का संदेश, अंदरखाने सूचना को लेकर चर्चा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समय से सूचना नहीं पहुंचने को लेकर अंदरखाने कुछ तंजबाजी की चर्चा रही। इसके बावजूद सार्वजनिक तौर पर नेताओं ने समन्वय और एकता पर जोर दिया। मतदान से ठीक पहले इस तरह की संयुक्त मौजूदगी के जरिए भाजपा ने कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने और चुनावी अभियान को अंतिम चरण में गति देने की कोशिश की। चुनाव प्रचार के लिए अलीगढ़ में डटे प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य शनिवार से ही अलीगढ़ में कैंप किए हुए हैं। वह सोमवार को भी अलीगढ़ में रहकर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के चुनाव प्रचार से जुड़े कार्यों पर नजर रखेंगे। मतदान में कुछ ही दिन शेष रहने के कारण पार्टी का जोर स्थानीय संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने तथा मतदाताओं तक पहुंचने पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User