30 घंटे की बारिश में जर्जर मकान भरभराकर गिरा:जालौन में गृहस्थी का सामान मलबे में दबा, परिवार बेघर
जालौन में पिछले 30 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार सुबह करीब 8:45 मिनट कर कालपी नगर के काजीपुरा मोहल्ले में एक पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि होने से टल गई। जानकारी के अनुसार काजीपुरा मोहल्ला निवासी संतोष विश्वकर्मा का मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे लगातार बारिश के बीच अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। देखते ही देखते घर का सामान मलबे में दब गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने मलबा हटाने में मदद की। मकान ढहने के बाद गरीब परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। सिर से छत छिन जाने के कारण संतोष विश्वकर्मा का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। परिवार का कहना है कि मकान गिरने से उनकी गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया है और दोबारा घर बनाने की स्थिति में वे नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता व मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। 2 से 3 फीट तक पानी भर गया वहीं कोंच नगर में भी लगातार बारिश के चलते सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है, लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने राजस्व कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, साथ ही प्रभावित इलाकों का दौरा कर वहां की जल्द से जल्द रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)