36 घंटे से लापता युवक का शव नदी में मिला:सीतापुर में पत्नी को विदा कराने ससुराल गया था, परिजन सोमवार से कर रहे थे तलाश
सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र के निमचेना गांव के पास मंगलवार देर शाम करीब 6 बजे पिरई नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल गया हुआ था। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत बसारा के मजरा भुड़ना निवासी आदेश भार्गव (32) पुत्र मेवालाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक आदेश कुमार रविवार शाम करीब छह बजे बाइक से निमचेना गांव स्थित अपने ससुर दीनदयाल के घर जाने के लिए निकले थे। उनकी पत्नी ऊषा देवी मायके में थीं। करीब 10 दिन पहले ही ऊषा ने बेटे को जन्म दिया था। जच्चा-बच्चा की देखरेख के लिए ऊषा की मां दोनों को अपने मायके ले आई थीं। आदेश पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल जा रहे थे,लेकिन देर रात तक वह वहां नहीं पहुंचे। सोमवार को परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों ने नदी में डूबने की आशंका जताई। बताया गया कि दो दिन पहले पिरई नदी का पानी सड़क पर बह रहा था। नदी और सड़क के बीच का अंतर भी स्पष्ट नहीं था। आशंका है कि अंधेरे में जानकारी के अभाव में आदेश की बाइक नदी में उतर गई और वह डूब गए। मंगलवार को परिजनों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और नदी में तलाश शुरू कराई। इसी दौरान नदी में युवक का शव तैरता दिखाई दिया। स्थानीय तैराकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया लेकिन मौके पर बाइक नहीं मिली। पुलिस के अनुसार शव कई घंटे तक पानी में रहने के कारण काफी खराब अवस्था में था। परिजनों के अनुसार आदेश छोटे किसान थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां हैं। करीब 16 दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि नदी से युवक का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया नदी में डूबने से मौत की बात सामने आई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)