एट जंक्शन पर ट्रेन से कटकर व्यक्ति की मौत:पानी लेने दूसरे प्लेटफॉर्म जा रहे थे, सीतापुर एक्सप्रेस की चपेट में आए
जालौन के एट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे दर्दनाक हादसा हो गया। कोंच में आयोजित उर्स में पत्नी के साथ शामिल होने जा रहे 48 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार मोहम्मद मकसूद पुत्र स्वर्गीय अहमद खान, निवासी उनाव बालाजी, थाना उनाव बालाजी, जिला दतिया मध्य प्रदेश, अपनी पत्नी के साथ कोंच में आयोजित उर्स में शामिल होने के लिए जा रहे थे। दोनों एट जंक्शन पहुंचे थे। बताया गया कि स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पानी उपलब्ध नहीं था। इसी दौरान मकसूद पानी लेने के लिए दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर जाने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान झांसी से लखनऊ की ओर जा रही 12107 सीतापुर एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनका शव काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। करीब तीन बजे घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम शाम करीब छह बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन एट रेलवे स्टेशन पहुंचे। जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में मृतक की पत्नी सुरक्षित बताई जा रही हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर स्टेशन पर भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)