5 अक्टूबर से शुरू होगी 120 साल पुरानी ऐतिहासिक रामलीला:मुरादाबाद में लाइनपार के रामलीला मैदान में 19 दिन मंचन करेंगे कलाकार
मुरादाबाद में लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले प्राचीन रामलीला मेले की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। प्राचीन मेले का विधिवत शुभारंभ आगामी 5 अक्टूबर को सुबह करीब 10.30 बजे किया जाएगा। इस वर्ष भी मेला पूरे 19 दिनों तक आस्था और उल्लास के साथ संचालित होगा, जिसका समापन 23 अक्टूबर को भव्य राम राज्याभिषेक के साथ किया जाएगा। श्रीराम लीला कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य रोहित बंसल ने विशेष बातचीत में बताया कि मेले का आगाज एक बेहद प्राचीन परंपरा के साथ होगा। आयोजन के पहले दिन 120 साल पुराने ऐतिहासिक मुकुट का पूरे विधि-विधान के साथ पूजन किया जाएगा। इस विशेष मुकुट पूजा में रामलीला मंचन करने वाली पूरी नाटक मंडली के कलाकारों के साथ-साथ कमेटी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मुख्य रूप से भाग लेंगे। रोहित बंसल ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी रामलीला के मूल स्वरूप और मंचन की शैली में किसी भी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है। हर वर्ष की भांति इस बार भी मुरादाबाद के ही प्रसिद्ध गुरहट्टी मोहल्ले के अनुभवी कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं। 19 दिवसीय इस आयोजन में मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों से रोजाना करीब 10 से 15 हजार दर्शकों के आने का अनुमान लगाया गया है। भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम का विशेष सहयोग रहेगा। कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा दर्शकों की सुविधा, पार्किंग, प्रकाश और पेयजल आदि के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक महोत्सव को भव्य रूप देने में श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, मंत्री मयंक बंसल, रोहित बंसल, अतुल अग्रवाल, संदीप बंसल और प्रदीप बंसल सहित पूरी टीम पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय भूमिका निभा रहे है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)