पाकिस्तान से सकुशल लौटे बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार साहू
दि राइजिंग न्यूज। नई दिल्ली। 14 मई 2025। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच एक राहतभरी खबर सामने आई है। पाकिस्तान की हिरासत में रखे गए BSF जवान पूर्णम कुमार साहू को आज 14 मई को रिहा कर दिया गया है। जवान को अमृतसर स्थित अटारी बॉर्डर पर सुबह करीब 10:30 बजे भारत को सौंपा गया।
20 दिन बाद अटारी बॉर्डर पर हुआ शांतिपूर्ण हस्तांतरण
दि राइजिंग न्यूज। नई दिल्ली। 14 मई 2025।
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच एक राहतभरी खबर सामने आई है। पाकिस्तान की हिरासत में रखे गए BSF जवान पूर्णम कुमार साहू को आज 14 मई को रिहा कर दिया गया है। जवान को अमृतसर स्थित अटारी बॉर्डर पर सुबह करीब 10:30 बजे भारत को सौंपा गया।
बीएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार, यह हस्तांतरण शांतिपूर्ण माहौल में और तय प्रोटोकॉल के तहत हुआ।
क्या था मामला?
बीएसएफ कांस्टेबल पूर्णम कुमार साहू पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में तैनात थे। 23 अप्रैल 2025 को गलती से इंटरनेशनल बॉर्डर पार कर गए, जिसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के चलते तनाव चरम पर था, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
जवान की रिहाई के लिए भारत की ओर से लगातार राजनयिक और सैन्य स्तर पर प्रयास किए जा रहे थे। करीब 20 दिनों की कूटनीतिक कवायद के बाद आज उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो सकी।
भारत के पास भी है एक पाकिस्तानी जवान
उल्लेखनीय है कि इसी बीच, 3 मई 2025 को भारत ने भी राजस्थान के श्रीगंगानगर सेक्टर में एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया था, जब वह संदिग्ध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
यह माना जा रहा है कि दोनों देशों के पास मौजूद जवानों की सुरक्षित वापसी में आपसी समन्वय और दबाव कूटनीति की भूमिका रही है।
भारत की स्पष्ट नीति: मानवता और सुरक्षा, दोनों को प्राथमिकता
भारत ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि वह अपने हर सैनिक के पीछे खड़ा है और मानवता के आधार पर भी हर नागरिक की सुरक्षा को सर्वोपरि मानता है। पूर्णम कुमार साहू की सुरक्षित वापसी इसी नीति की मिसाल है।