आदर्श रामलीला ग्राउंड में 'श्री श्याम कीर्तन':उमड़ा भक्तों का सैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
रामपुर के सिविल लाइंस स्थित आदर्श रामलीला ग्राउंड में श्री लखदातार सेवा समिति की ओर से चतुर्थ 'श्री श्याम कीर्तन' का भव्य आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस धार्मिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायकों ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा के विधिवत पूजन और बरेली के गायक उत्कर्ष अरोड़ा की गणेश व गुरु वंदना के साथ हुआ। इसके बाद वृंदावन से आए कुंज बिहारी हरि दास और जयपुर के अभिषेक नामा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय कर दिया। आयोजन में मुख्य आकर्षण कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल की प्रस्तुति रही। उनके गाए भजनों पर पूरा पंडाल ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। भव्य रूप से सजे बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का समापन सुबह तारों की छांव में भव्य आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस दौरान समिति के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)