आगरा कॉलेज में युवाओं को करियर मार्गदर्शन मिला:विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई
युवाओं को करियर की सही दिशा देने और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए बुधवार को आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को करियर विकल्प, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षा ऋण, स्वरोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना जरूरी है। तकनीक और कौशल के साथ आगे बढ़ने की सलाह मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, आधुनिक तकनीक और कौशल विकास से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से बदलती तकनीक और रोजगार की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करने की अपील की। इस दौरान ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) सहित रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञ सत्र में प्रो. अरुणोदय वाजपेई ने करियर निर्माण के लिए समय प्रबंधन, समस्या समाधान, टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता जैसे कौशलों को जरूरी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने की सलाह दी। शिक्षा ऋण और स्वरोजगार की जानकारी केनरा बैंक के मुख्य प्रबंधक सागर गुजराती ने विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि योजना के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल सिंह ने छात्रवृत्ति और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अभ्युदय योजना के साथ महिला कल्याण, दिव्यांगजन और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। रक्षा सेवाओं में करियर के विकल्प बताए कैप्टन (डॉ.) रीता निगम ने भारतीय रक्षा सेवाओं में करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्रवेश प्रक्रियाओं, जरूरी योग्यताओं और रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में विद्यार्थियों को बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने करियर, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और रुचि, क्षमता व लक्ष्य के अनुसार करियर विकल्प चुनने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में प्रो. सुनीता गुप्ता ने अतिथियों, विशेषज्ञों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। कार्यक्रम में आगरा कॉलेज के उप-प्राचार्य प्रो. पी.वी. झा सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)