आगरा के सेक्टर 7 में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:चेतावनी के बाद भी लोगों ने नहीं हटाया था अतिक्रमण
आगरा नगर निगम ने शनिवार को आवास विकास परिषद के सेक्टर 7 में अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। सड़क घेर कर बनाए गए रैंप और बाउंड्री को ढहा दिया। अचानक पहुंची नगर निगम टीम की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। नगर निगम की चेतावनी को नजरअंदाज करना आवास विकास परिषद के सेक्टर 7 के लोगों को भारी पड़ गया। घरों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की ओर से लगभग एक महीने पहले लाल निशान लगाकर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए गए। पहले देखिये कार्रवाई की 3 तस्वीरें… अचानक पहुंची टीम शनिवार को नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नगर निगम के अनुसार, आवास विकास परिषद के सेक्टर 7 में सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। सड़क की निर्धारित चौड़ाई और निर्माण कार्य में घरों के बाहर किए गए अतिक्रमण बाधा बन रहे थे। इसे देखते हुए नगर निगम की टीम ने करीब एक महीने पहले संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर अतिक्रमण वाले हिस्सों पर लाल निशान लगाए थे। साथ ही भवन स्वामियों और स्थानीय लोगों को निर्धारित सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। पहले ही दे दी गई चेतावनी नगर निगम की चेतावनी के बाद भी कई स्थानों पर लोगों ने अपने स्तर से अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद शनिवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर की मदद से सड़क की सीमा में आ रहे अवैध निर्माण, रैंप, चबूतरे और अन्य अतिक्रमण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क और निर्माण कार्य में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में कायम नहीं रहने दिया जाएगा।
कार्रवाई का नेतृत्व अवर अभियंता मुकेश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को पहले ही पर्याप्त समय देते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी दी गई थी। लाल निशान भी लगाए गए थे, ताकि लोग स्वयं अपने निर्माण और अतिक्रमण को निर्धारित सीमा के भीतर कर लें। इसके बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। निगम अधिकारियों के मुताबिक सड़क निर्माण का काम निर्बाध रूप से पूरा कराने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक मार्गों और सड़क की निर्धारित सीमा में किसी प्रकार का निर्माण या अतिक्रमण न करें, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)