आगरा में गणेश विसर्जन पर लगा भीषण जाम:सुबह से शाम तक रेंगते रहे वाहन, ट्रैफिक पुलिस के छूटे पसीने

Sep 25, 2026 - 17:29
0
आगरा में गणेश विसर्जन पर लगा भीषण जाम:सुबह से शाम तक रेंगते रहे वाहन, ट्रैफिक पुलिस के छूटे पसीने
आगरा शहर में शुक्रवार को गणेश विसर्जन बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही ढोल-नगाड़ों और गुलाल के साथ श्रद्धालु गणपति बप्पा की शोभायात्रा लेकर सड़कों पर निकले। हाथी घाट, बल्केश्वर और कैलाश मंदिर घाट पर विसर्जन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। आस्था के सैलाब से पूरा शहर गणेशमय नजर आया। सुबह 9 बजे से ही यमुना घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी। यमुना घाट पर विसर्जन के लिए लंबी कतारें लग गईं। भीड़ अधिक होने से एमजी रोड हाईवे, यमुना किनारा रोड, बल्केश्वर रोड और शहर के अन्य छोटे मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारों से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। शाम होते-होते सड़क पर भीड़ का दबाव और बढ़ गया। दोपहर बाद स्कूलों की छुट्टी होने के बाद हालात और बिगड़ गए। स्कूली बसों, ऑटो और शोभायात्रा के वाहन एक साथ सड़क पर आ गए, जिससे कई चौराहों पर चक्का जाम जैसे हालात बन गए। भगवान टॉकीज, सेंट जोंस चौराहा और बल्केश्वर तिराहे पर सबसे ज्यादा जाम देखने को मिला। हालांकि यातायात विभाग ने पहले से ही रूट डायवर्जन की व्यवस्था की थी और भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से रोका था, लेकिन भीड़ के आगे सारी व्यवस्थाएं फेल होती नजर आईं। जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिसकर्मी दिनभर सड़कों पर डटे रहे, लेकिन देर शाम तक हालात सामान्य नहीं हो सके। देर शाम तक विसर्जन का क्रम जारी रहा और 5 बजे तक एमजी रोड सहित अन्य मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User