आगरा में हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से हत्या:खेत में चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव, पुलिस ने शुरू की जांच
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव कछपुरा में बुधवार रात खेत पर चारपाई पर सो रहे हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह शव खून से लथपथ मिलने की जानकारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। चारपाई पर पड़ा मिला शव प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कछपुरा निवासी प्रेमवीर (35) पुत्र राजवीर सिंह बुधवार शाम खेत पर नीम के पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रहे थे। आरोप है कि रात में किसी समय अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब छह बजे गांव के ही लालाराम शौच के लिए खेत की ओर गए। उन्होंने प्रेमवीर को चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने जानकारी जुटाई है। परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)