आगरा में मकानों के सामने बने रैंप पर चला बुलडोजर:लक्ष्मीनगर में नगर निगम ने की कार्रवाई, शिकायत पर एक्शन

Sep 29, 2026 - 18:13
0
आगरा में मकानों के सामने बने रैंप पर चला बुलडोजर:लक्ष्मीनगर में नगर निगम ने की कार्रवाई, शिकायत पर एक्शन
आगरा नगर निगम ने मंगलवार को मारुति स्टेट स्थित लक्ष्मीनगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। घरों के बाहर नालियों पर बनाए गए रैंप को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान करीब दो दर्जन मकानों के सामने बने रैंप हटाए गए। नगर निगम की कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही। शिकायत के बाद कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने पूर्व में लक्ष्मीपुरम क्षेत्र का निरीक्षण कर नालियों पर बनाए गए रैंप और अन्य अवरोधों को चिह्नित किया था। संबंधित भवनों के बाहर लाल निशान लगाकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी भी दी गई थी। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित समय में स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम स्तर से कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कई भवन स्वामियों ने नालियों पर बनाए गए रैंप नहीं हटाए। मंगलवार को नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और चिह्नित किए गए रैंप को एक-एक कर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान निगम कर्मचारियों ने नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिससे सफाई और जल निकासी में आ रही बाधा दूर हो सके। पहले ही लगा दिए थे लाल निशान कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर अपना पक्ष रखने का प्रयास किया, लेकिन निगम अधिकारियों ने पूर्व में दी गई चेतावनी और लगाए गए लाल निशानों का हवाला देते हुए चिह्नित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। नगर निगम टीम ने भवन स्वामियों को दोबारा नालियों पर रैंप अथवा किसी तरह का स्थायी निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी। अधिकारियों के मुताबिक, नालियों पर बनाए गए रैंप की वजह से सफाई के दौरान कर्मचारियों को परेशानी होती है और नालियों की नियमित सफाई प्रभावित होती है। इसके अलावा बारिश के दौरान पानी की निकासी में भी अवरोध उत्पन्न होने की शिकायतें सामने आती हैं। इसी को देखते हुए नगर निगम द्वारा नालियों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया जा रहा है। नगर आयुक्त ने दी चेतावनी नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा है, सार्वजनिक नालियों और अन्य स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जहां पहले से चिह्नांकन कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा चुकी है, वहां समय सीमा के बाद निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिक स्वयं भी नालियों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखें, ताकि सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User