आगरा में यूथ कांग्रेस ने सीईसी को घेरा:कहा- ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं, पुलिस FIR में पिता का बीपी बढ़ाच लेकिन पिता बोले- मैं घर नहीं था

Sep 29, 2026 - 15:48
0
आगरा में यूथ कांग्रेस ने सीईसी को घेरा:कहा- ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं, पुलिस FIR में पिता का बीपी बढ़ाच लेकिन पिता बोले- मैं घर नहीं था
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के मामले में मंगलवार को यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब आगरा पहुंचे। उन्होंने FIR को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि FIR में प्रदर्शन के दौरान BP बढ़ने का जिक्र किया गया है। जबकि सामने आए वीडियो में ज्ञानेश कुमार के पिता कह रहे हैं कि प्रदर्शन के समय वे घर पर ही नहीं थे। चिब ने कहा कि FIR में प्रदर्शन के दौरान आग लगाए जाने का भी जिक्र किया गया है, जबकि वीडियो में ऐसा कुछ दिखाई नहीं देता। ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर ज्ञानेश कुमार पर हमला बोलते हुए चिब ने कहा कि “ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं। उन्होंने देश के लोगों का संवैधानिक अधिकार छीना है। जितनी गद्दारी ज्ञानेश कुमार ने देश के लोगों के साथ की है, उतनी तो पाकिस्तान ने भी भारत के साथ नहीं की या कर सकता।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और लोगों के वोट के अधिकार के मुद्दे को लेकर विरोध कर रही है। ‘लोगों को साबित करना पड़ रहा कि वे वैध वोटर हैं’ चिब ने SIR को लेकर कहा कि सरकार इसे यह कहते हुए लेकर आई थी कि देश में केवल वैध मतदाताओं के नाम रहेंगे और अवैध लोगों के नाम हटाए जाएंगे। लेकिन अब स्थिति यह है कि देश के लोगों को ही यह साबित करना पड़ रहा है कि वे वैध मतदाता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रक्रिया में वैध मतदाताओं के नाम भी काटे गए हैं। इससे लोगों के संवैधानिक अधिकार और वोट देने के अधिकार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी के विरोध में आवाज उठा रही है। ‘नाम काटे तो आधार सार्वजनिक क्यों नहीं किया’ यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए गए हैं तो यह भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए कि किसका नाम काटा गया, किस आधार पर काटा गया और किसका नाम जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि यदि सूची पूरी तरह सही है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। चिब ने यह भी कहा कि केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल कुछ राजनीतिक दल और भाजपा समर्थक दल भी मतदाता सूची से हटाए गए नामों का प्रमाण और आधार मांग रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि वे दल भी प्रमाण मांग रहे हैं तो क्या उन्हें भी देशद्रोही कहा जाएगा? FIR में आग लगाने के आरोप पर भी सवाल ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद दर्ज FIR पर चिब ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गलत धाराएं लगाई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि FIR में प्रदर्शन के दौरान आग लगाए जाने की बात कही गई है, जबकि वीडियो में ऐसा कुछ नजर नहीं आता। उन्होंने FIR में BP बढ़ने के उल्लेख को भी वीडियो से जोड़ते हुए सवाल उठाया। उनका कहना था कि जब वीडियो में ज्ञानेश कुमार के पिता प्रदर्शन के समय घर पर नहीं होने की बात कह रहे हैं तो FIR में घटना को अलग तरीके से क्यों दर्शाया गया। ‘भाजपा मैच को आखिरी ओवर तक ले जाती है’ कुछ राज्यों में कांग्रेस की जीत का जिक्र करते हुए चिब ने भाजपा पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी मुकाबले को ‘आखिरी ओवर’ तक लेकर जाती है। क्रिकेट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी मैच में पहले ही ओवर में छह की छह विकेट गिर जाएं तो सभी को पता चल जाएगा कि मैच फिक्स है। उनके अनुसार कथित गड़बड़ी वहां की जाती है, जहां लोगों को तुरंत इसका पता न चले। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस जीतती है, वहां भाजपा का आधार नहीं होने की स्थिति में भी कांग्रेस की जीत होती है। चिब ने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ का खेल उन जगहों पर किया जाता है, जहां उसे छिपाया जा सके। कल हुआ था ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर प्रदर्शन गौरतलब है कि सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा में ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी हुई और आवास के गेट व दीवार पर नारे लिखे गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के आगरा पहुंचने के बाद अब प्रदर्शन, FIR, SIR और मतदाता सूची में कथित बदलाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User