आजमगढ़ में राशन दुकान में गड़बड़ी पर मुकदमा:ई-पॉस पर अंगूठा लगवाया, राशन नहीं दिया; दुकान में 82.13 क्विंटल राशन कम मिला
आजमगढ़ के जहानागंज विकासखंड की ग्राम पंचायत मन्दे में उचित दर दुकान के निरीक्षण में 82.13 क्विंटल खाद्यान्न और 0.42 क्विंटल चीनी की कमी मिली। सितंबर में 453 अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों में से सिर्फ 272 को राशन बांटा गया था। वितरण प्रतिशत 60.09 रहा, जो पूरे जहानागंज विकासखंड में सबसे कम था। जांच के बाद डीएम रविन्द्र कुमार के निर्देश पर उचित दर विक्रेता मुन्नी देवी की दुकान का अनुबंध निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। 34 कार्डधारकों के बयान लिए 30 सितंबर को सितंबर माह की खाद्यान्न वितरण रिपोर्ट की समीक्षा में दुकान की कम वितरण दर सामने आई। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने दोपहर 12:15 बजे दुकान का औचक निरीक्षण किया। मौके पर खाद्यान्न का भौतिक स्टॉक शून्य मिला। उचित दर विक्रेता स्टॉक रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं कर सकीं। विभागीय ऑनलाइन पीडीएस रिकॉर्ड के अनुसार दुकान पर 18.47 क्विंटल गेहूं, 63.66 क्विंटल चावल और 0.42 क्विंटल चीनी उपलब्ध होनी चाहिए थी। इस हिसाब से कुल 82.13 क्विंटल खाद्यान्न और 0.42 क्विंटल चीनी की कमी मिली। जांच के दौरान मौके पर मौजूद 34 कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। इनमें 6 अंत्योदय और 28 पात्र गृहस्थी कार्डधारक थे। कार्डधारकों ने बताया कि कई मामलों में ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें निर्धारित राशन नहीं दिया गया। जांच में दुकान पर विभागीय सूचनाओं का समुचित प्रदर्शन नहीं करने, स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराने और ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुकाबले खाद्यान्न व चीनी की भारी कमी समेत कई अनियमितताएं मिलीं। विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर मुन्नी देवी के खिलाफ आवश्यक वस्तुओं के वितरण एवं नियंत्रण से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन का मामला पाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)