आंदोलन और बैठकों के बीच सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण जारी:मानकों और मानचित्र के अनुरूप अपने प्रतिष्ठानों को करने में जुटे भूखंड स्वामी
मेरठ की सेंट्रल मार्केट समेत आवास विकास और मेडा के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शहर में हलचल तेज है। एक तरफ आंदोलन का दौर चल रहा है तो दूसरी तरफ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं। इसी बीच सेंट्रल मार्केट क्षेत्र में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी जारी है। सेंट्रल मार्केट में कई भूखंड मालिक अपने प्रतिष्ठानों को मानकों के अनुरूप करने में जुटे हैं। इसके लिए अवैध और मानकों के विपरीत बने हिस्सों को खुद तोड़ा जा रहा है। कई जगहों पर निर्माण का हिस्सा हटाया जा रहा है। कहीं दुकान और प्रतिष्ठान के आगे बने अतिरिक्त हिस्से को तोड़ा गया है। भूखंड मालिकों का कहना है कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अपने प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके तहत जिन हिस्सों को हटाना जरूरी है, उन्हें स्वयं हटाया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बाद सेंट्रल मार्केट और शास्त्रीनगर क्षेत्र का मामला फिर चर्चा में है। प्रभावित व्यापारी और स्थानीय लोग लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। बैठकों का दौर भी चल रहा है। आंदोलनकारी संगठन भी आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सेंट्रल मार्केट में भूखंड मालिक अपने स्तर से कार्रवाई कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि प्रशासनिक कार्रवाई से पहले ही निर्माण को मानकों के अनुरूप किया जा सके। इससे प्रतिष्ठानों को लेकर आगे की कार्रवाई में राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है। कई प्रतिष्ठानों के सामने निर्माण सामग्री और मलबा दिखाई दे रहा है। कुछ स्थानों पर मजदूर अवैध हिस्सों को हटाने में जुटे हैं। अधिकारियों की ओर से भी भूखंडों और निर्माण की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)