आरोपों की राजनीति पर भाजपा का पलटवार:चुनाव आयोग के पक्ष में रखे तथ्य, मथुरा में भाजपा महानगर ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली एवं विशेष गहन पुनरीक्षण SIR को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बीच भारतीय जनता पार्टी महानगर मथुरा ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। सोमवार शाम को गोवर्धन चौराहा स्थित के.एम. रेजिडेंसी में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी के कैंप कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि राजनीतिक आरोपों से अधिक महत्वपूर्ण आधिकारिक तथ्य हैं और जनता को पूरे विषय की वास्तविक जानकारी मिलनी चाहिए। प्रमाण और तथ्यों के आधार पर उठाने चाहिए सवाल जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा जारी स्पष्टीकरण से विभिन्न मुद्दों को लेकर उठाए जा रहे सवालों की स्थिति स्पष्ट हुई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता, पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संबंध में कोई भी सवाल तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने के बजाय आधिकारिक तथ्यों को जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में सुधार और मतदाता सूची का सत्यापन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हैं। चुनाव आयोग स्पष्ट कर चुका है अपना पक्ष भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक स्तंभ है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मतभेद होना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता के संबंध में किसी भी आरोप को प्रमाणित तथ्यों के साथ ही जनता के सामने रखना चाहिए। हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि कैबिनेट सचिव से संबंधित पत्र को लेकर भी चुनाव आयोग अपना पक्ष स्पष्ट कर चुका है। ऐसे में इस विषय को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के आधार पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है। वही उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के संबंध में लगाए जाने वाले आरोप तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और तथ्यपूर्ण चर्चा से ही जनता के सामने किसी भी विषय की सही तस्वीर सामने आती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)