आयुष सिंह अपहरण मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार:दूसरे के नाम पर सिम लेकर साथियों को देने का आरोप, परिवार से मांगी गई थी फिरौती
देवरिया में आयुष सिंह अपहरण मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दूसरे लोगों के नाम पर सिम हासिल कर उसे अपने सहयोगियों को उपलब्ध कराते थे। इसी सिम का इस्तेमाल कथित तौर पर आयुष के परिजनों से फिरौती मांगने में किया गया था। दोनों को शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे लीलापुर तिराहा के पास से पकड़ा गया। मामला महुआडीह थाना क्षेत्र का है। 28 सितंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा आयुष सिंह के अपहरण के संबंध में उसकी मां ने 28 सितंबर को महुआडीह थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम ने अगले ही दिन 29 सितंबर को आयुष को गोरखपुर जिले में पैडलेगंज के पास से सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना और आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों से सामने आई भूमिका पुलिस के मुताबिक आयुष की बरामदगी के बाद तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसमें सिम उपलब्ध कराने के मामले में दो आरोपियों की भूमिका सामने आई। पुलिस का कहना है कि दोनों ने दूसरे लोगों के नाम पर सिम हासिल कर अपने सहयोगियों को दिए थे। इन्हीं सिम में से एक का इस्तेमाल कथित तौर पर आयुष के परिवार से फिरौती मांगने में किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्या विश्वकर्मा (24) पुत्र अनूप चंद्र विश्वकर्मा, निवासी चनेयपुर, थाना महुआडीह और सौरभ राय उर्फ नवीन राय (21) पुत्र संजय राय, निवासी सोहसा गुलहरिया, थाना गौरीबाजार के रूप में हुई है। टेलीकम्युनिकेशन्स एक्ट की धारा बढ़ाई पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में टेलीकम्युनिकेशन्स एक्ट की धारा 42(3)(ई) की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अपहरण में इस्तेमाल वाहन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)