अचानक बदला मौसम, रिमझिम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता:तापमान 5 डिग्री गिरा, स्कूलों में छुट्टी; धान-बाजरा की पकी फसल को नुकसान की आशंका
मथुरा में शनिवार शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। मथुरा शहर समेत जनपद के कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। सुबह से चल रही ठंडी तेज हवाओं के कारण मौसम पहले से ही सुहावना बना हुआ था। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने के साथ तेज कड़कड़ाहट हुई और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट महसूस हुई। लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होने लगा। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में बारिश की संभावना को लेकर पहले ही चेतावनी जारी की गई थी। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जनपद के स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। शनिवार शाम हुई बारिश ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान को सही साबित कर दिया। सुबह से चल रही ठंडी हवाओं और बादलों के बीच बारिश शुरू होने से शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया। बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। जरूरी काम से बाजारों में निकले लोग छाता लगाकर बारिश से बचते नजर आए। कई स्थानों पर लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और अन्य स्थानों पर रुक गए। उधर, बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय खेतों में धान और बाजरा की फसल पककर तैयार खड़ी है। कई किसानों ने फसल की कटाई शुरू कर दी है, जबकि बड़ी संख्या में खेतों में फसल अभी खड़ी हुई है। ऐसे में यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो पकी फसल को नुकसान होने की आशंका है। बारिश के बाद किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगी हैं। किसानों का कहना है कि इस समय बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हो सकती है। इससे उत्पादन के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। मौसम साफ नहीं होने पर किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। किसानों की नजर अब मौसम के अगले रुख पर टिकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)