अकबरपुर रामलीला में महिला सुरक्षा के लिए 15 महिला बाउंसर:10 पुरुष बाउंसर भी रहेंगे तैनात, लंकापुरी मैदान CCTV कैमरों की निगरानी में

Oct 03, 2026 - 16:00
0
अकबरपुर रामलीला में महिला सुरक्षा के लिए 15 महिला बाउंसर:10 पुरुष बाउंसर भी रहेंगे तैनात, लंकापुरी मैदान CCTV कैमरों की निगरानी में
कानपुर देहात के अकबरपुर में 156 साल पुरानी ऐतिहासिक श्रीरामलीला की तैयारियों को लेकर शनिवार को विस्तृत जानकारी दी गई। समिति के अध्यक्ष रामजी मिश्रा ने बताया कि इस बार महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है।मेला और रामलीला देखने आने वाली महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए करीब 15 महिला बाउंसर तथा 10 पुरुष बाउंसर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि लंकापुरी मैदान,जहां दशहरे के दौरान विशाल मेला और कई बड़े कार्यक्रम आयोजित होते हैं, पूरे समय सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पहले की अपेक्षा मजबूत किया गया है। समिति का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। अकबरपुर की रामलीला की शुरुआत वर्ष 1870 में हुई थी।इस ऐतिहासिक परंपरा के तहत अयोध्यापुरी, जनकपुरी और लंकापुरी मैदानों में रामायण के अलग-अलग प्रसंगों का मंचन किया जाता है। इस वर्ष 7 अक्टूबर से कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश पूजन,मुकुट पूजन, शिव बारात और भव्य झांकियों के साथ होगी। 10 अक्टूबर को ताड़का वध,सुबाहु वध और मारीच प्रसंग, जबकि 12 अक्टूबर को सीता स्वयंवर,धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन होगा। 18 अक्टूबर को सेतुबंध रामेश्वर स्थापना,अंगद पैज और दुर्गा जागरण होगा। 19 अक्टूबर को लंकापुरी मैदान में रात आठ बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कविता तिवारी,रामभदावर, विकास बौखल,साक्षी तिवारी,सुदीप भोला,गजेंद्र प्रियांशु और कमलाकांत दीक्षित समेत चर्चित कवि शामिल होंगे। 20 अक्टूबर को विजयदशमी पर विशाल रावण और मेघनाथ के पुतलों का दहन तथा आतिशबाजी होगी। 21 अक्टूबर को विराट इनामी दंगल, 23 अक्टूबर को भव्य झांकियां और भरत मिलाप तथा 24 अक्टूबर को राम राज्याभिषेक होगा। 27 अक्टूबर को लंकापुरी मैदान में श्याम महोत्सव के साथ आयोजन का समापन होगा। गौरतलब है कि अगस्त में रामलीला कमेटी के गठन को लेकर विवाद और मारपीट सामने आई थी।इसके बाद कमेटी के चयन को लेकर पर्ची से प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई थी।ऐसे विवाद के बाद अब समिति ने आयोजन को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से कराने पर जोर दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User