अलीगढ़ में महिला न्यायिक अधिकारी को भेजे आपत्तिजनक ई-मेल:फेसबुक अकाउंट लॉगिन करने की कोशिश, केस दर्ज
सिविल लाइंस क्षेत्र में महिला न्यायिक अधिकारी को कई महीनों से आपत्तिजनक ई-मेल भेजकर परेशान करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी पर अशोभनीय ई-मेल भेजने, अधिकारी और उनके परिवार की निजी जानकारी का जिक्र करने और सोशल मीडिया अकाउंट में लॉगिन की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस साइबर टीम की मदद से मामले की जांच कर रही है। शिकायत के अनुसार, महिला अधिकारी के ई-मेल पर कई महीनों से एक अज्ञात ई-मेल आईडी से लगातार संदेश भेजे जा रहे थे। आईडी को ब्लॉक करने के बाद भी ई-मेल स्पैम फोल्डर में आती रहीं। आरोप है कि ई-मेल भेजने वाला खुद को अधिवक्ता बताता था और अधिकारी व उनके परिवार से जुड़ी निजी जानकारियों का उल्लेख करता था। परिजनों की तस्वीरें भेजने का आरोप महिला अधिकारी ने शिकायत में बताया कि आरोपी उनके परिजनों के सोशल मीडिया अकाउंट से मिली तस्वीरें ई-मेल के जरिए भेजता था। साथ ही दावा करता था कि ये तस्वीरें अधिकारी ने उसे ब्लूटूथ के जरिए भेजी हैं। आरोपी ने कुछ फोटो और वीडियो भी भेजे, लेकिन उनमें हानिकारक सॉफ्टवेयर होने की आशंका के चलते इन्हें डाउनलोड नहीं किया गया। महिला अधिकारी के मुताबिक, फरवरी में एक मोबाइल नंबर से उन्हें व्हाट्सऐप मैसेज और फोन कॉल भी आया था। आपत्ति जताने पर कॉल काट दी गई। इसके बाद नंबर को ब्लॉक कर दिया गया। शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर को उनके करीब एक साल से बंद फेसबुक अकाउंट में लॉगिन करने की कोशिश भी की गई। साइबर टीम जांच में जुटी सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर टीम की मदद से जांच और जरूरी कार्रवाई की जा रही है। महिला अधिकारी ने पहले भी शिकायत देने की बात कही है। अब दोबारा शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)