अम्बेडकर नगर में स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम:भारतेंदु नाट्य अकादमी के 50 साल पूरे होने पर कलाकारों ने दी प्रस्तुति
अम्बेडकरनगर के 31वें स्थापना दिवस और भारतेंदु नाट्य अकादमी की स्थापना के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार देर रात तक महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर के ऑडिटोरियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिले की सांस्कृतिक विरासत के साथ भारतीय कला की विभिन्न विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। देर रात तक चले कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम का शुभारंभ कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भारतेंदु नाट्य अकादमी की पांच दशक की यात्रा और रंगमंच के क्षेत्र में उसके योगदान को याद किया गया। कलाकारों और रंगकर्मियों की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया।
भारतेंदु नाट्य अकादमी की टीम लीडर रागिनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में कथक नृत्यांगनाओं ने शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लय, ताल और भाव के शानदार मेल ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद व्योमेश शुक्ल के निर्देशन में ‘राम की शक्ति पूजा’ नाटक का प्रभावशाली मंचन हुआ। मंचन के जरिए साहित्य, संस्कृति और रंगमंच की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया गया। अपरना तिवारी के मधुर गायन समेत अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)