अम्बेडकरनगर में 7,650 सोलर पैनल लगे:11 हजार से ज्यादा आवेदन मिले, 6,797 को मंजूरी; बैंक में 896 मामले अटके
अम्बेडकरनगर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। उपलब्ध विभागीय आंकड़ों के मुताबिक योजना के तहत अब तक पोर्टल पर 11,056 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 10,904 आवेदनों पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 28 सितंबर तक जिले में 7,650 सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके थे। वहीं विद्युत विभाग की ओर से 7,319 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए हैं। योजना के तहत 6,797 उपभोक्ताओं को अनुमोदन मिल चुका है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को अपनी छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली के बिल में राहत मिलने के साथ ही अतिरिक्त सौर ऊर्जा का उपयोग भी किया जा सकता है। योजना में पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। विभागीय रिपोर्ट में बैंक स्तर पर भी कई प्रकरण लंबित बताए गए हैं। ऋण वितरण के लिए 218 तथा ऋण स्वीकृति के लिए 678 प्रकरण लंबित हैं। वहीं रिपोर्ट में मासिक लक्ष्य के सापेक्ष 536 की पूर्ति दर्ज की गई है। परियोजना अधिकारी प्रवीण नाथ पांडेय ने बताया कि जिले में योजना के तहत लगातार आवेदन प्राप्त होने और सोलर संयंत्रों की स्थापना से घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। विभाग की ओर से लंबित आवेदनों, बैंक ऋण और इंस्टॉलेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)