अमेठी में हर न्याय पंचायत में बनेंगे आधुनिक खेल मैदान:सीडीओ पूजा साहू ने घोरहा मिनी स्टेडियम का निरीक्षण कर दिए निर्देश

Oct 02, 2026 - 13:38
0
अमेठी में हर न्याय पंचायत में बनेंगे आधुनिक खेल मैदान:सीडीओ पूजा साहू ने घोरहा मिनी स्टेडियम का निरीक्षण कर दिए निर्देश
अमेठी के ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को नया मंच देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने विकासखंड भादर के घोरहा स्थित ग्रामीण मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया और युवाओं से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में सभी खेल सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। ट्रैक पर अभ्यास कर रहे युवाओं ने सीडीओ को बताया कि इस मिनी स्टेडियम के बनने से उन्हें नियमित अभ्यास में काफी लाभ मिल रहा है। सीडीओ ने परिसर में जिम उपकरण, बैडमिंटन सामग्री सहित अन्य संसाधनों का जायजा लिया और जिला युवा कल्याण अधिकारी को छोटी-मोटी कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिलता रहे। स्टेडियम निरीक्षण के बाद सीडीओ पूजा साहू की अध्यक्षता में विकास और खेल विभाग के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में डीडीओ, पीडी, उपायुक्त श्रम रोजगार, डीपीआरओ, सभी बीडीओ और जिला क्रीड़ा अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सीडीओ ने वृहद रणनीति का ऐलान करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में कन्वर्जेंस के माध्यम से एक-एक आधुनिक खेल मैदान विकसित किया जाएगा। इसके लिए विकास विभाग, पंचायती राज और युवा कल्याण विभाग मिलकर काम करेंगे। इन मैदानों पर ग्रामीण युवाओं को खेल विभाग के अधिकारियों द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जल्द ही न्याय पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे जो भूमि चिन्हांकन से लेकर मैदान निर्माण तक की निगरानी करेंगे। सीडीओ ने कहा कि अमेठी के युवाओं में अपार ऊर्जा है और जिला प्रशासन उसे सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User