अमेठी में निर्माणाधीन नाला गिरा:रातभर में बना 2.20 करोड़ का नाला सुबह ढह गया, व्यापारियों ने उठाए सवाल, जांच की मांग
अमेठी कस्बे में सुल्तानपुर रोड पर निर्माणाधीन नाला गुरुवार देर रात बनाए जाने के बाद शुक्रवार सुबह ही ढह गया। नाले के निर्माण की लागत करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपए बताई जा रही है। नाला गिरने की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। अमेठी नगर पंचायत में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल निकासी योजना के तहत दुर्गापुर रोड और सुल्तानपुर रोड पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसी योजना के तहत सुल्तानपुर रोड पर गुरुवार रात नाला बनाया गया था, जो शुक्रवार सुबह ही ढह गया। व्यापारियों ने पहले भी की थी शिकायत व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने कहा कि नाला निर्माण शुरू होने के बाद से ही व्यापारी इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि नगर पंचायत से लेकर एसडीएम और डीएम तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जल निकासी के लिए सरकार ने 2 करोड़ 20 लाख रुपए दिए हैं, लेकिन निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। सोनी के मुताबिक, जहां 16 सरिया लगाए जाने की बात है, वहां सिर्फ दो सरिया लगाए जा रहे हैं। उनका दावा है कि इसी वजह से नाला पलट गया। व्यापारियों ने अपने खर्च से डाली मिट्टी महेश सोनी ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान कुछ जगह मिट्टी नहीं डाली गई, जिसके बाद व्यापारियों ने अपने खर्च से मिट्टी डाली। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से भी की जाएगी। व्यापारियों की मांग है कि गिरे हुए नाले को तोड़कर नए सिरे से निर्माण कराया जाए। सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की सरकार ईमानदारी से काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग खराब निर्माण के जरिए सरकार को बदनाम कर रहे हैं। व्यापारी बोले- शिकायत के बाद भी जांच नहीं हुई व्यापारी सुशील जायसवाल ने कहा कि नाले की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायत की जा रही थी, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचा। आखिरकार निर्माणाधीन नाला ढह गया। मामले में नगर पंचायत के जेई अमित पाठक से आधिकारिक पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)