अंबेडकरनगर में गांधी-शास्त्री जयंती पर हुए कार्यक्रम:डीएम ने माल्यार्पण किया, छात्रों ने भजन गाए; वॉक रेस के विजेता सम्मानित

Oct 02, 2026 - 14:44
0
अंबेडकरनगर में गांधी-शास्त्री जयंती पर हुए कार्यक्रम:डीएम ने माल्यार्पण किया, छात्रों ने भजन गाए; वॉक रेस के विजेता सम्मानित
अम्बेडकरनगर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने दोनों महापुरुषों के सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कलेक्ट्रेट परिसर में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने गांधीजी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। प्रस्तुतियों के जरिए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। खिलाड़ियों को डीएम ने किया सम्मानित गांधी जयंती के अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित वॉक रेस के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। पांच किलोमीटर बालक और तीन किलोमीटर बालिका वर्ग की वॉक रेस में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को डीएम ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इसके बाद डीएम गांधी आश्रम, अकबरपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु सहित अधिकारियों और गांधी आश्रम के कर्मचारियों के साथ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र/प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डीएम ने स्वयं चरखा चलाकर स्वावलंबन, सादगी और श्रम के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता तथा शास्त्रीजी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User