अंबेडकरनगर में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी:3 आरोपियों की 46 लाख की संपत्ति कुर्क; 45 लाख का मकान और 1 लाख का घरेलू सामान शामिल
अंबेडकरनगर में लोगों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर पैसा जमा कराने और बाद में उसे हड़पकर फरार होने के मामले में अलीगंज पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर शाम करीब 5 बजे पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों की करीब 46 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क कर ली। इसमें करीब 45 लाख रुपए कीमत का मकान और लगभग एक लाख रुपए का घरेलू सामान शामिल है। पुलिस के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के मुंसहा निवासी सादाब आलम अंसारी, शाने आलम अंसारी और दिलनसीम के खिलाफ रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से पैसा जमा कराने और बाद में उसे हड़पने के आरोप में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अलीगंज, टांडा और आसपास के थाना क्षेत्रों में कई लोगों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बड़ी रकम जमा कराई थी। इसके बाद वे पैसा लेकर फरार हो गए। जांच में सामने आई संपत्ति, कोर्ट से मिला कुर्की का आदेश मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश के साथ उनकी संपत्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई। इसके बाद न्यायालय से संपत्ति कुर्क करने का आदेश लिया गया। आदेश मिलने पर मंगलवार को अलीगंज पुलिस टीम आरोपियों के घर पहुंची और नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई शुरू की। 45 लाख का मकान और घरेलू सामान कुर्क पुलिस के अनुसार, कुर्क किए गए मकान की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए है। इसके अलावा घर में मौजूद करीब एक लाख रुपए कीमत के घरेलू सामान को भी कुर्क किया गया। घरेलू सामान को सुपुर्दगी में लेने के लिए मौके पर कोई व्यक्ति तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने सामान को थाने के मालखाने में दाखिल करा दिया। मकान को भी न्यायालय के आदेश के तहत कुर्क कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)