संतकबीरनगर जेल में चोरी के आरोपी की मौत:बेटी बोली- चौकी पर पापा को पीटा, बाइक छोड़ने के लिए 15 हजार रुपए लिए; जांच की मांग

Sep 29, 2026 - 20:58
0
संतकबीरनगर जेल में चोरी के आरोपी की मौत:बेटी बोली- चौकी पर पापा को पीटा, बाइक छोड़ने के लिए 15 हजार रुपए लिए; जांच की मांग
संतकबीरनगर जिला कारागार में बंद चोरी के आरोपी की मंगलवार को मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की बेटी ने पुलिस पर गिरफ्तारी के बाद चौकी में पिता की पिटाई करने और बाइक छोड़ने के बदले 15 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के अमरहां गांव निवासी टुनटुन को मेंहदावल पुलिस ने 21 सितंबर को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ जोगिंदर प्रजापति को भी पकड़ा गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी के सामान की बिक्री से मिले 2,500 रुपए, दो पानी की मोटर, एक गैस सिलेंडर, 400 ग्राम गांजा और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई थी। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। जेल में तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत मंगलवार को जिला कारागार में टुनटुन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। बेटी का आरोप- चौकी में पापा को पीटा गया मृतक की बेटी रूपा ने आरोप लगाया कि उसके पिता चोरी नहीं करते थे। उसके मुताबिक, एक व्यक्ति मोटर निकालने के लिए पिता को अपने साथ ले गया था। बाद में उसी मामले में पिता को आरोपी बना दिया गया। रूपा का आरोप है कि पुलिस उसके पिता को बिसौवा चौकी पर ले गई, जहां उनके साथ मारपीट की गई और अपशब्द कहे गए। उसने दावा किया कि पिता के चेहरे और हाथ पर चोट के निशान थे। ‘जेल में मिलने गए तो बोले- तबीयत ठीक है’ रूपा ने बताया कि परिवार सोमवार को जेल में पिता से मिलने गया था। उस समय उन्होंने अपनी तबीयत ठीक बताई थी। बेटी के मुताबिक, पिता ने कुछ पैसे लाने के लिए कहा था और उसने अगले दिन पैसे लेकर आने की बात कही थी। रूपा ने बताया कि परिवार शाम करीब 3 बजे जेल से निकल गया। रात करीब 12 बजे जेल से परिवार के बाबा के पास फोन आया और उन्हें टुनटुन की मौत की जानकारी दी गई। बाइक के बदले 15 हजार लेने का भी आरोप रूपा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके भाई की बाइक भी पकड़ ली थी और 15 हजार रुपए लेने के बाद उसे छोड़ा गया। उसने पिता पर गांजा रखने के पुलिस के आरोपों को भी गलत बताया। परिवार का कहना है कि टुनटुन को चोरी और गांजे के मामले में फंसाया गया है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और जेल में हुई मौत की पूरी जांच कराने की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। परिजनों के आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User