औद्योगिक गलियारे में जमीन का मुआवजा नहीं मिला:110 ग्रामीण डीएम कार्यालय पहुंचे, डेढ़ साल से कर रहे भुगतान का इंतजार
औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन देने के बाद भी मुआवजे की रकम नहीं मिलने से परेशान सरैंया कटियान गांव के ग्रामीण मंगलवार दोपहर को जिला मुख्यालय पहुंचे। करीब 110 ग्रामीणों ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या रखी और सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन का बैनामा होने के बाद भी कई लोगों को डेढ़ साल तक मुआवजा नहीं मिला है। ग्रामीणों के मुताबिक सरैंया कटियान में औद्योगिक गलियारे के फेज-वन के लिए कई लोगों की जमीन ली गई थी। कुछ किसानों का बैनामा तो करा दिया गया, लेकिन इसके बाद भी उनके खाते में जमीन की रकम नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि भुगतान के लिए वे पिछले करीब दो साल से अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। ग्रामीण सुषमा गौतम ने बताया कि फेज-वन में गांव के करीब छह से 10 लोगों की जमीन से संबंधित मामले अभी लंबित हैं। कुछ लोगों का बैनामा नहीं हुआ है, जबकि कुछ किसानों का बैनामा होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए लगातार अधिकारियों के यहां दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं ग्रामीण पारील पाल ने बताया कि उनकी जमीन भी औद्योगिक गलियारे के फेज-वन में गई थी। उनके अनुसार उनके पिता बाहर थे, जिसके कारण बैनामा बाद में हुआ। पिता के लौटने के बाद बैनामे की प्रक्रिया पूरी कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बैनामा होने के करीब एक साल तीन महीने बीतने के बाद भी जमीन का भुगतान नहीं हुआ है। भुगतान के लिए लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने और अलग-अलग दस्तावेज जुटाने में समय और पैसा खर्च हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि संबंधित विभागों की ओर से उन्हें सही जानकारी और मार्गदर्शन मिलता तो इतनी बड़ी संख्या में लोगों को जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ता। उनका कहना है कि फेज-वन में जमीन देने वाले कई अन्य लोगों को भी अभी तक भुगतान नहीं मिला है। मंगलवार को ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को ज्ञापन देकर लंबित मुआवजा जल्द दिलाने और बैनामा संबंधी मामलों का निस्तारण कराने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारी ने उनका प्रार्थना पत्र ले लिया है। फिलहाल भुगतान को लेकर उन्हें कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)