औरैया गैस सिलेंडर हादसे में 2 की मौत:परिजनों ने अंतिम संस्कार रोका, SDM ने आवास और मुआवजे का भरोसा दिया
औरैया के मुरादगंज स्थित 'शिव शंभू स्वीट हाउस' के बेसमेंट में 13 सितंबर को हुए भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। हादसे में बुरी तरह झुलसे दो युवा कर्मचारियों—शिवम (18) और विपिन (16) की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार को जब दोनों के शव गांव पहुंचे, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और दुकान को सील करने की मांग को लेकर शवों का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बेसमेंट में हुए धमाके में गंभीर रूप से झुलसे शिवम को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था, जहां 30 सितंबर को उसने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल विपिन की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को जैसे ही दोनों के शव गांव पहुंचे, परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का गंभीर आरोप है कि प्रतिष्ठान मालिक कर्मचारियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों से कॉमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रूप से रिफिलिंग करने का दबाव बनाते थे, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ। पुलिस ने इस मामले में दुकान मालिक मनोज कुमार उर्फ छुन्ना, उसके भाई आशुतोष कुमार और पिता रमेश चंद्र पोरवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी (अजीतमल) विनोद कुमार मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने पीड़ित परिजनों से बातचीत कर पात्रता के अनुसार सरकारी आवास और दैवीय आपदा कोष के तहत आर्थिक सहायता/मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। हालांकि, परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और प्रतिष्ठान को सील नहीं किया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)