अयोध्या में 185 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह:विधायक बोले- योगी सरकार बेटियों की शादी की जिम्मेदारी उठा रही
अयोध्या में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मसौधा ब्लॉक मुख्यालय परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 185 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया। वैदिक मंत्रोच्चार, गणेश वंदना और शहनाइयों की मधुर धुन के बीच विवाह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया जा रहा है। विवाह मंडप को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इस दौरान बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। पहले आर्थिक तंगी के कारण किसान और मजदूर परिवारों को अपनी बेटियों की शादी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सरकार सामूहिक विवाह के माध्यम से बेटियों का विवाह कराने की जिम्मेदारी निभा रही है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विवाह सहायता राशि में भी बढ़ोतरी की है। पहले जहां शादी के लिए 30 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, वहीं बाद में इसे बढ़ाकर 35 हजार और फिर 51 हजार रुपये किया गया। उन्होंने योजना के तहत सहायता राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई तक की चिंता कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटियों को लाभ दिया जा रहा है। महिला आरक्षियों की संख्या बढ़ाकर महिलाओं को सुरक्षा व्यवस्था में अधिक भागीदारी देने का काम भी किया गया है। विधायक ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)