अयोध्या में 30548 लोगों ने महीनों से नहीं उठाया राशन:अब रद्द होंगे कार्ड, जांच के बाद होगी कार्रवाई; जिले में 4.36 लाख से ज्यादा कार्डधारक
अयोध्या जिले में 30,548 राशन कार्डधारकों ने कई महीनों से सरकारी कोटे की दुकान से राशन नहीं लिया है। अब इन कार्डों के रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। पूर्ति विभाग इन कार्डधारकों की जांच कराएगा और जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार 2 अक्टूबर को बताया कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे कार्डधारक हैं जो लंबे समय से राशन नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी की जांच कराई जाएगी और नियम के अनुसार ही कार्डों पर फैसला लिया जाएगा। यदि जांच में कार्डधारक अपात्र मिलते हैं या जानबूझकर राशन नहीं ले रहे हैं तो उनके कार्ड निरस्त भी किए जा सकते हैं। जिले में कुल 4,36,405 राशन कार्डधारक हैं। इनमें 62,810 अंत्योदय श्रेणी के और शेष पात्र गृहस्थी श्रेणी के हैं। विभाग के अनुसार करीब 93 प्रतिशत कार्डधारक हर महीने नियमित रूप से राशन ले रहे हैं। हालांकि, जिले के बाहर पोर्टेबिलिटी के तहत राशन लेने वालों की संख्या की जानकारी विभाग के पास अभी नहीं है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि कितने लोग दूसरे जिले में जाकर राशन ले रहे हैं और कितने वास्तव में राशन नहीं उठा रहे हैं। विभाग इस बिंदु को भी जांच में शामिल करेगा। बता दें कि अंत्योदय कार्ड पर प्रति कार्ड 35 किलो और पात्र गृहस्थी कार्ड पर प्रति यूनिट 5 किलो राशन दिया जाता है। सरकार की मंशा है कि वास्तविक जरूरतमंदों को ही राशन का लाभ मिले।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)