सहारनपुर में ट्यूबवेल से चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़:7 अरेस्ट, नशे के लिए करते थे चोरी; 3 किलो तांबा, 50 किलो तार बरामद

Oct 02, 2026 - 17:12
0
सहारनपुर में ट्यूबवेल से चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़:7 अरेस्ट, नशे के लिए करते थे चोरी; 3 किलो तांबा, 50 किलो तार बरामद
सहारनपुर पुलिस ने किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह नशे की लत पूरी करने के लिए खेतों में बने सुनसान ट्यूबवेलों को निशाना बनाते थे। नागल पुलिस ने सात चोरों को शुक्रवार दोपहर दो बजे गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ट्यूबवेलों से केबल, स्टार्टर के तांबे के तार, कटआउट और बिजली के दूसरे उपकरण चोरी करता था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3 किलो तांबे का तार, 50 किलो विद्युत लाइन का तार, पांच कटआउट और चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों को गांव मड़की से नंदनपुर जाने वाले रास्ते पर सीड़की-झबरेड़ा रोड तिराहे के पास से पकड़ा है। इनके पास चोरी का सामान ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर बाइक और ई-रिक्शा भी मिला है। मामला नागल थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों का है। 11 सितंबर को खजूरवाला निवासी शाहिद ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि उसके और अन्य किसानों के ट्यूबवेलों से कटआउट, स्टार्टर, तार और बिजली के उपकरण चोरी कर लिए गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 21 सितंबर की रात भाटखेड़ी और बोहडुपुर के जंगलों में भी ट्यूबवेलों से बिजली का सामान चोरी हुआ। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को इसी गिरोह का पता चला। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशा करते हैं और उसकी जरूरत पूरी करने के लिए सुनसान खेतों में लगे ट्यूबवेलों से सामान चोरी करते थे। चोरी का माल अजीम और मोहम्मद शेरखान को बेचने की बात भी सामने आई है। एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार, आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले खजूरवाला, 10-12 दिन पहले भाटखेड़ी-बोहडुपुर और चार-पांच महीने पहले नंदनपुर के जंगल में चोरी करना स्वीकार किया है। थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव ने बताया कि आरोपी आज 2 अक्टूबर को भी चोरी की नीयत से निकले थे। साथ ही पहले चोरी किया गया सामान बेचने के लिए अपने साथ लेकर चल रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सातों को गिरफ्तार कर लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User