अयोध्या में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया:एमीघाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश, यातायात प्रबंधन पर एसपी ने दिए निर्देश
अयोध्या में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अयोध्या पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार की देर रात पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण घनश्याम राय ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने अयोध्या धाम के मेला क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण किया, जबकि थाना तारुन क्षेत्र स्थित एमी घाट पर विसर्जन की तैयारियों को परखा। पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना कोतवाली अयोध्या और थाना राम जन्मभूमि क्षेत्र के पुलिस बल के साथ अयोध्या धाम मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति देखी गई। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और भीड़ के बीच शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी परिस्थिति में मुस्तैदी से ड्यूटी करने और व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर थाना तारुन क्षेत्र के एमी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक तारुन और प्रभारी निरीक्षक महाराजगंज भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित ड्यूटी का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। अयोध्या धाम के मेला क्षेत्र से लेकर विसर्जन स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)