बाबा नीम करौरी महाराज का 53 वां परिनिर्वाण दिवस:वृंदावन स्थित समाधि स्थल पर किया पूजन, दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे भक्त

Sep 25, 2026 - 17:45
0
बाबा नीम करौरी महाराज का 53 वां परिनिर्वाण दिवस:वृंदावन स्थित समाधि स्थल पर किया पूजन, दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे भक्त
हनुमान जी का कलयुग में स्वरूप कहे जाने वाले संत नींव करौरी महाराज के 53 वें निर्वाणोत्सव पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम दिखाई दिया। बाबा महाराज के हजारों भक्तों ने समाधि स्थल पर पहुंच कर पूजन अर्चन किया और अपनी भावांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा आश्रम हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ से गुंजायमान हो रहा था। समाधि स्थल पर आस्था रही चरम पर अपनी हनुमत भक्ति और चमत्कारों से देश दुनिया को नतमस्तक करने वाले संत नींव करौरी महाराज के निर्वाण दिवस अनन्त चतुर्दशी तिथि पर वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित समाधि स्थल पर शुक्रवार को आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। देश के अलग अलग प्रांतों से आए हजारों भक्तों ने बाबा के दरबार में शीश नवाया। आश्रम के हर हिस्से में भक्तों की भीड़ नजर आई। कोई समाधि स्थल के दर्शन कर रहा था तो कोई वहां हनुमान चालीसा का पाठ कर रहा था। श्री मद भागवत कथा से हुआ कार्यक्रमों का शुभारंभ आश्रम परिसर में 17 सितम्बर से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है। जिसका शुभारंभ श्री मद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ से हुआ। कथा प्रवक्ता ज्ञानेंद्र शास्त्री ने भक्तों को कथामृत पान कराया। इसी क्रम में अखंड रामचरित मानस पाठ और श्री विष्णु महायज्ञ का भी आयोजन किया गया। दो दिन पहले से ही मन्दिर में दूरदराज से आने वाले भक्तों की भीड़ आने लगी थी। लेकिन शुक्रवार की सुबह से ही आस्था सैलाब में बदल गई। यह हुए कार्यक्रम मन्दिर परिसर में स्थापित श्री हनुमान मन्दिर से लेकर ध्यान कक्ष और समाधि स्थल पर भक्तों की भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही थी। मन्दिर प्रबन्धन के निर्देशन में स्वयं सेवक पूरी श्रद्धा के साथ व्यवस्थाओं को संभालने में लगे थे। महाराज जी की प्रतिमा का महाभिषेक कर पूजन अर्चन किया गया। भक्तों की कतारें महाराज जी को भावांजलि अर्पित करने में लगी थी। प्रातः काल अखंड रामचरित मानस और विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भंडारा शुरू किया गया। जिसमें हजारों भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। भजनों पर झूमे भक्त मन्दिर को आकर्षक विद्युत सजावट से सज्जित कर सुंदर कांड और भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें भक्त झूमते नजर आए। मन्दिर के ट्रस्टी त्रिलोक चंद शर्मा ने बताया कि महाराज जी के आशीर्वाद से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही है। बाबा के परम भक्त राधाकृष्ण पाठक ने बताया कि दूरदराज से हजारों भक्त दर्शनों के लिए आश्रम पहुंच रहे हैं। जो बाबा की कृपा का रसपान कर चुके हैं। जो भक्त बाबा की सच्चे ह्रदय से श्रद्धा प्रगट करते हैं। बाबा उसकी सभी मनोकामना पूर्ण करते हैं। इस अवसर पर मन्दिर प्रबन्ध कमेटी के ट्रस्टी संदीप भटेले, देवेन्द्र शर्मा, संजय गुप्ता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। हनुमान अंश फिल्म के बाद बढ़ी भीड़ बाबा नीम करौरी के जीवन पर बनी फिल्म हनुमान अंश के बाद आश्रम आने वाले भक्तों की भीड़ में कई गुना इजाफा हुआ है। यहां पहले भक्तों की संख्या गिनती में काफी कम होती थी वहीं अब यह भीड़ अनगिनत हो गई है। शुक्रवार को आश्रम में यह स्थिति थी कि पैर रखने की जगह नहीं बची। जिसको जहां जगह मिली वह वहीं बैठ गया। बाबा नीम करौरी महाराज ने अनंत चतुर्दशी के दिन ही वृंदावन में अपने शरीर का त्याग किया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User