बागपत में गन्ने के खेत में मिला युवक का शव:चेहरे और गले पर चोट के निशान, परिजनों को हत्या की आशंका
बागपत के दोघट क्षेत्र के इदरीशपुर गांव में रविवार सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक सुबह घर से बाइक लेकर निकला था। सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। मृतक के चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने युवक की पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। खेत के कोने पर खड़ी मिली बाइक मृतक की पहचान इदरीशपुर गांव निवासी 41 वर्षीय पुष्पेंद्र उर्फ कल्लू पुत्र मास्टर गिरधारी सिंह के रूप में हुई है। उसका शव रामछैल पंवार के खेत में पड़ा मिला। उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खेत के कोने पर खड़ी थी। खेत में युवक का शव मिलने की जानकारी से गांव में चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। 112 पर दी गई सूचना, अधिकारी पहुंचे खेत मालिक राजीव पंवार ने शव मिलने की सूचना पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर दी। इसके बाद एसपी बागपत, एएसपी, सीओ बड़ौत अंशु जैन और दोघट थानाध्यक्ष केवल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। जल्द खुलासे के निर्देश एसपी ने पुलिस टीम को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। दोघट थानाध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)