बैलेट पेपर से चुनाव हुए...तो इनकी दुकान बंद हो जाएगी:सहारनपुर में इमरान बोले-हमारा सवाल ज्ञानेश कुमार से, जवाब सरकार दे रही...पूरा गठजोड़ चल रहा
सहारनपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद दर्ज मुकदमे को लेकर मंगलवार को सांसद इमरान मसूद एसएसपी ऑफिस पहुंचे। कलेक्ट्रेट पर सोमवार को हुए प्रदर्शन में पुलिस से धक्का-मुक्की, सरकारी काम में बाधा और यातायात प्रभावित होने के आरोप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज हुआ है। इसी मामले को लेकर इमरान मसूद ने सरकार और प्रशासन पर प्रदर्शन पर रोक लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदर्शन करेगी, क्योंकि प्रदर्शन करना उसका अधिकार है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसकी जिम्मेदारी प्रदर्शनकारियों के साथ प्रशासन की भी है। बोले- सवाल मुख्य निर्वाचन आयुक्त से, जवाब सरकार दे रही इमरान मसूद ने कहा- कांग्रेस का सवाल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से है, लेकिन जवाब सरकार की तरफ से दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा मामला एक गठजोड़ की तरह दिखाई दे रहा है। कांग्रेस ने सोमवार को चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट का गेट बंद होने के बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई थी। मायावती के बयान पर भी साधा निशाना मायावती के चंद्रशेखर आजाद को लेकर दिए बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का कोई सांसद नहीं है। उन्होंने मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका बयान तब ज्यादा बेहतर लगता, जब वह बीजेपी को समर्थन नहीं करतीं। बोले- बैलेट पेपर से चुनाव हुए तो इनकी दुकान बंद हो जाएगी चुनावी प्रक्रिया पर बात करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि अगर बैलेट पेपर से चुनाव होने शुरू हो गए तो "इनकी दुकान बंद हो जाएगी।" उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के सवालों और प्रदर्शन जारी रखने की बात दोहराई। मामले में पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की, सरकारी कार्य में बाधा और यातायात प्रभावित होने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे कानून के दायरे में रहकर अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन जारी रखेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)