बांदा कॉलेज में छात्राओं ने किया बुद्धि-शुद्धि हवन:17 साल से बंद महिला छात्रावास खुलवाने और सफाई की मांग

Sep 30, 2026 - 16:25
0
बांदा कॉलेज में छात्राओं ने किया बुद्धि-शुद्धि हवन:17 साल से बंद महिला छात्रावास खुलवाने और सफाई की मांग
बांदा के पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज में महिला छात्रावास शुरू कराने और कॉलेज परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग को लेकर छात्राओं का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार दोपहर को छात्र और छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में बुद्धि-शुद्धि हवन किया। छात्राओं ने हवन के जरिए जिला प्रशासन और महाविद्यालय प्रशासन से उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ छात्राओं ने नारेबाजी भी की। बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा ने बताया कि महिला छात्रावास करीब 17 साल से बंद है। छात्राओं का कहना है कि छात्रावास शुरू नहीं होने से उन्हें इसकी सुविधा नहीं मिल पा रही है। उनका आरोप है कि छात्रावास के लिए हर साल सरकारी स्तर से फंड भी भेजा जाता है, लेकिन इसके बावजूद छात्रावास चालू नहीं हो सका। अनशन करने की भी चेतावनी दी छात्राओं ने कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। इन्हीं समस्याओं को लेकर छात्राएं पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रही हैं। बुधवार को उन्होंने हवन कर प्रशासन की बुद्धि-शुद्धि की मांग की। छात्राओं ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाली नहीं हैं। जब तक महिला छात्रावास शुरू नहीं होता और कॉलेज की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्राओं ने जरूरत पड़ने पर अनशन करने की भी चेतावनी दी है। हवन के दौरान छात्राओं ने ‘आवाज दो, हम एक हैं’ और ‘छात्र शक्ति जिंदाबाद’ के नारे लगाए। छात्राओं का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रही हैं और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User