बांदा में दो मासूम भाइयों की हत्या की जांच तेज:36 लोगों से पूछताछ, पांच टीमें तलाश में जुटीं; गांव में पुलिस का पहरा
बांदा में नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। एसआईटी, एसओजी समेत पुलिस की पांच टीमें गांव और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। अब तक 36 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। वहीं, फरार सपा नेता महेंद्र पाल और हिस्ट्रीशीटर शेरा की तलाश में पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है। महेंद्र पाल की आखिरी लोकेशन लखनऊ में मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उसके वर्तमान ठिकाने की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों भाइयों की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। एसआईटी सदस्य डीएसपी प्रवीण कुमार और विवेचक सुरेश कुमार सैनी गांव पहुंचकर अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। बयानों और जांच में सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। संदिग्धों से पूछताछ कर घटना में उनकी संभावित भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की लगातार आवाजाही के चलते गांव में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। घटनास्थल से पीड़ित परिवार के घर तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। गांव में आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। जांच से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए टीमें आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही हैं। महेंद्र पाल की तलाश में सर्विलांस का सहारा मामले में फरार महेंद्र पाल और उसके साथी शेरा की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम बनी हुई है। दोनों तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सर्विलांस की मदद ली जा रही है। महेंद्र पाल के मोबाइल की आखिरी लोकेशन लखनऊ में मिलने के बाद पुलिस उसके संभावित ठिकानों का पता लगा रही है। हालांकि, इस लोकेशन से उसके वर्तमान ठिकाने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, हिस्ट्रीशीटर शेरा का मोबाइल फोन बंद होने से पुलिस को उसकी तलाश में मुश्किलें आ रही हैं। उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस उससे संपर्क रखने वाली महिला मित्रों और अन्य परिचितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि सभी टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)