बांदा में दो मासूम भाइयों को एक साथ दफनाया:बेटों को अंतिम विदाई देते समय मां बार-बार हुई बेसुध, बोली- मेरे हीरा नहीं दिख रहे
बांदा के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो सगे भाइयों की हत्या के बाद शुक्रवार को मातम पसरा रहा। 6 वर्षीय मनोज कुमार और 4 वर्षीय युवराज के शव पुलिस की मौजूदगी में सुबह करीब 11 बजे एक ही स्थान पर अगल-बगल खोदे गए गड्ढों में दफनाए गए। दोनों बेटों को अंतिम विदाई देते समय मां का रो-रोकर बुरा हाल था। मां बार-बार पुकारती रही- मेरे हीरा नहीं दिख रहे... बच्चों को दफनाते समय मां बार-बार उन्हें पुकारती रही। वह रोते हुए कहती रही- “मेरे हीरा नहीं दिख रहे... मेरे बेटे नहीं दिख रहे...” दोनों बेटों को याद करते हुए वह बिलखती और फिर बेसुध हो जाती। परिजन उसके चेहरे पर पानी के छींटे डालकर उसे होश में लाते। कुछ देर बाद होश में आते ही वह फिर दोनों बेटों को पुकारने लगती। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात है। बच्चों के शवों को दफनाने के दौरान भी पुलिस मौजूद रही। पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दरवाजे पर खेल रहे थे दोनों बच्चे नंदवारा निवासी भइयाराम राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे उनके दोनों बेटे मनोज और युवराज घर के दरवाजे पर खेल रहे थे। वह गांव के देवी स्थान पर स्नान और पूजा करने गए थे, जबकि उनकी पत्नी घर के अंदर घरेलू काम कर रही थी। भइयाराम के मुताबिक, करीब दो बजे घर लौटने पर दोनों बच्चे वहां नहीं मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो यूपी 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ गांव में बच्चों की तलाश शुरू की। दुकान के पीछे पानी भरे गड्ढे में मिले शव परिजनों के अनुसार, शाम करीब सात बजे दोनों बच्चों के शव गांव में ही राधेश्याम की दुकान के पीछे बने गहरे पानी भरे गड्ढे से बरामद हुए। परिजनों ने बच्चों के मुंह से खून निकलने और शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही। पोस्टमार्टम में भी सिर पर चोट के निशान सामने आने की बात बताई गई है। पिता ने 9 लोगों पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप भइयाराम ने तहरीर में महेंद्रपाल वर्मा उर्फ राजू और शेरा उर्फ ओमकार समेत नौ लोगों पर दोनों बच्चों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। तहरीर में पुरानी प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश का भी जिक्र किया गया है। पिता का आरोप है कि आरोपियों ने पहले भी उनके परिवार को जान से मारने और वंश खत्म करने की धमकी दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुराने विवाद को भी जांच में शामिल किया पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि नामजद आरोपियों में शामिल भवानी और अखिलेश के बीच करीब दो महीने पहले मारपीट का मामला हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज हुआ था और चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। एसपी के मुताबिक, दोहरे हत्याकांड की जांच में इस पुराने विवाद के पहलू को भी शामिल किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)