उन्नाव में नदी में 4 किशोर डूबे, एक की मौत:3 को ग्रामीणों ने बचाया, 15 मिनट ढूंढने के बाद मिला चौथे का शव
उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र के देवरिया गांव के निकट कल्याणी नदी में आई बाढ़ के पानी में शुक्रवार दोपहर 3 बजे नहाते समय चार किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तीन बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि 10 वर्षीय एक बच्चे को करीब 15 मिनट की तलाश के बाद पानी से बाहर निकाला जा सका। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी श्रवण के पुत्र शिवा (15), ऋतिक (12) और विशाल (10) तथा सुजीत के पुत्र करण (12) शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे गांव के निकट कल्याणी नदी में भरे बाढ़ के पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान चारों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने प्रयास कर शिवा, ऋतिक और करण को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया। इसी बीच विशाल गहरे पानी में समा गया। ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद विशाल को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विशाल गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां सोनी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बच्चे को बचाने पानी में कूदे ग्राम प्रधान बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही वर्तमान प्रशासक ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को बचाने के लिए खुद नदी के पानी में छलांग लगा दी। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के साथ काफी देर तक तलाश की और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद विशाल को पानी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान के इस साहस की ग्रामीणों के बीच चर्चा रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)