बांदा में सपा ने घोषित किया आंदोलन का कार्यक्रम:2 से 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, आंबेडकर प्रतिमा से निकलेगा मार्च

Oct 02, 2026 - 16:24
0
बांदा में सपा ने घोषित किया आंदोलन का कार्यक्रम:2 से 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, आंबेडकर प्रतिमा से निकलेगा मार्च
मतदाता सूची में कथित हेराफेरी और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर बांदा में समाजवादी पार्टी ने आंदोलन का ऐलान किया है। शुक्रवार दोपहर 2 बजे सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव और बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ की जानकारी दी। नेताओं ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चला रही है। इसी क्रम में बांदा में भी कार्यकर्ताओं को लामबंद कर बड़ा मार्च निकाला जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष और विधायक ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के मामलों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ मुकदमा चलाने और गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। तीन दिन में आंदोलन का खाका सपा नेताओं ने बताया कि जिले में अभियान के तहत तीन दिन का विशेष कार्यक्रम रखा गया है। पहले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी ने अपने मुद्दे और मांगें जनता के सामने रखीं। दूसरे दिन जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की बैठकें होंगी। इनमें चुनावी तैयारियों के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति तय की जाएगी। तीसरे दिन सपा कार्यकर्ता ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालेंगे। पार्टी के अनुसार मार्च बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होकर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचेगा। यहां संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से पाठ किया जाएगा। सपा नेताओं ने कहा कि यह अनुच्छेद वयस्क मताधिकार के आधार पर चुनाव के अधिकार से जुड़ा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा नेताओं ने कहा सपा ने जिले के विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, पदाधिकारियों और सभी अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की। नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा नेताओं ने कहा कि “वोट बचेगा, तभी लोकतंत्र बचेगा और तभी देश बचेगा।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User