मंडलायुक्त, डीएम, एसपी ने गांधी-शास्त्री जयंती पर किया ध्वजारोहण:महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन, उनके विचारों को याद किया
मिर्जापुर में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जिलेभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। सरकारी कार्यालयों, पुलिस लाइन और थानों में ध्वजारोहण के साथ दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया। आयुक्त कार्यालय परिसर में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, अधिवक्तागण तथा कमिश्नरी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व विजेता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने क्वार्टर गार्द पर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर सलामी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की आजादी और राष्ट्रीय एकता की रक्षा तथा उसे और मजबूत बनाने में तन-मन से योगदान देने की शपथ दिलाई। साथ ही अहिंसा का पालन करते हुए विवादों को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से हल करने का संकल्प कराया। एसपी ने कहा कि दोनों महापुरुष हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों का अनुसरण कर कर्तव्य एवं सही मार्ग पर चलते हुए जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी एलआईयू, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)