बच्चों ने रंगों से दिखाया विकसित भारत का सपना:सहारनपुर में चित्रकला प्रतियोगिता में नैंसी प्रथम, आयुष द्वितीय और आयुषी तृतीय रहीं
सहारनपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार दोपहर दो बजे तहसील सदर परिसर में ‘मेरे सपनों का भारत सेवा चित्र’ चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में पुंवारका और बलियाखेड़ी विकासखंड सहित नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और सपनों को रंगों के जरिए कागज पर उतारा। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक राजीव गुंबर, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, एसडीएम सदर सुबोध कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी में बच्चों की ओर से तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। प्रदर्शनी में बच्चों ने विकसित भारत कैसा होना चाहिए, इसकी कल्पना चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत की। विज्ञान, तकनीक, आधारभूत ढांचे, डिजिटल भुगतान और देश की प्रगति से जुड़े विषयों को भी कलाकृतियों में स्थान दिया गया। बच्चों ने अपने भविष्य के लक्ष्य और भारत के विकास को लेकर अपनी सोच को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय वर्ग में शरबतपुर की नैंसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मल्हीपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के आयुष द्वितीय और सोना उच्च प्राथमिक विद्यालय, पुंवारका की आयुषी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्राथमिक विद्यालय वर्ग में फातिमा ने प्रथम, अलीशा ने द्वितीय और असफिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि बच्चों को अपने लक्ष्य ऊंचे रखने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सोच और कल्पना में देश के भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं की सोच में राष्ट्रहित और देशहित की भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने चित्रों में जो सपने दिखाए हैं, उन्हें वास्तविकता में बदलने के लिए निरंतर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कलाकृतियां तैयार कराने में मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों का भी आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)