भाजपा MLC फर्जी वोट बनवाने को करा रहे गड़बड़ी:मेरठ में सपा विधायक के गंभीर आरोप, चुनाव आयोग में की शिकायत

Oct 02, 2026 - 20:30
0
भाजपा MLC फर्जी वोट बनवाने को करा रहे गड़बड़ी:मेरठ में सपा विधायक के गंभीर आरोप, चुनाव आयोग में की शिकायत
मेरठ शहर सीट पर समाजवादी पार्टी के विधायक रफीक अंसारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा विधायक का आरोप है भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी फर्जी वोट बनवाने को गड़बड़ी करा रहे हैं। सपा विधायक ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर मीडिया के सामने इसका खुलासा किया। उन्होंने भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज पर एसआईआर में फर्जीवाड़ा कराने के तमाम आरोप लगाए। साथ ही सपा विधायक ने एक कॉल रिकार्डिंग भी मीडिया को सुनाई। जिसमें एक व्यक्ति बार-बार एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज का नाम लेते हुए उन पर बीएलओ के साथ मिलीभगत का आरोप लगा रहा है। ऑडियो की सत्यता क्या है दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता है। सपा विधायक ने चुनाव आयोग को भेजी शिकायत शहर सीट के विधायक रफीक अंसारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर उन्हें अपनी शिकायत दी है। इसमें उन्होंने मेरठ 48 नंबर विधानसभा में एसआईआर में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। मीडिया से रफीक अंसारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने एसआईआर के बाद बड़ी संख्या में बीएलओ का तबादला कराया है। भाजपा एमएलसी बीएलओ से ओटीपी मांग रहे रफीक अंसारी ने आरोप लगाया कि एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज एसआईआर खत्म होने के बाद बीएलओ के ऐप और उनके ओटीपी मांग रहे हैं। ये ओटीपी, ऐप वोट बनाते समय काम आता है। आरोप लगाया कि धर्मेंद्र भारद्वाज मेरठ शहर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसलिए वो ये फर्जीवाड़ा करा रहे हैं। ताकि गलत तरीके से वोट बनवाकर चुनाव जीत सकें। फर्जी वोट बनवाकर चुनाव जीतने की मंशा सपा विधायक ने आरोप लगाया कि जो बीएलओ एमएलसी महोदय को ओटीपी, ऐप नहीं दे रहा है एमएलसी उसका ट्रांसफर करा दे रहे हैं। आरोप लगाया कि अब तक शहर सीट पर एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज लगभग 48 बीएलओ का तबादला करा चुके हैं। इसकी लिस्ट भी हमने चुनाव आयोग को भेजी है। सपा विधायक ने कहा कि भाजपा एमएलसी की मंशा लास्ट टाइम पर बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाकर चुनाव जीतने की है। उन्होंने दो व्यक्तियों की फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो भी मीडिया के सामने रखा। जिसमें दो लोग आपस में फोन पर बात करते सुनाई दे रहे हैं। इसमें एक व्यक्ति बीएलओ बताया गया जो भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज का नाम लेकर उन पर बीएलओ को बरगलाने का आरोप लगा रहा है। सपा प्रदेशाध्यक्ष ने भी की थी शिकायत रफीक अंसारी ने इस प्रकरण की शिकायत डीएम मेरठ से लेकर चुनाव आयोग में है। तथा कहा कि जो भी बीएलओ गलत तरीके से ट्रांसफर हुए हैं उनको वापस बुलाया जाए। ताकि फर्जी वोट बनने से रुक सकें। बता दें कि 5 दिन पहले सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भी मेरठ शहर सीट पर फर्जी वोट बनाए जाने की शिकायत चुनाव आयोग को की है। सपा विधायक ने कहा कि एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। अभी तो ये एक ऑडियो हमारी पकड़ में आया है। लेकिन अब हम सभी सीटों पर ये जांच कर रहे हैं। मीडिया को ऑडियो भी सुनाई रफीक अंसारी ने एक कॉल रिकार्डिंग भी मीडिया को सुनाई। जिसमें दो लोग आपस में बात कर रहे हैं। इसमें एक व्यक्ति बीएलओ बताया जा रहा है। जो कहता है कि एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने खाना खिलाकर और पैसे देकर बीएलओ को अपने पक्ष में किया। अब बीएलओ के मनमाने ढंग से तबादले भी करा रहे हैं। कह रहा है कि इस तरह चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User