भाजपा मोर्चा कार्यकारिणी में बुलंदशहर के नेताओं को मिली जिम्मेदारी:नेमपाल लोधी उपाध्यक्ष, आलोक जाटव महामंत्री
भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित की गई अनुसूचित मोर्चा, किसान मोर्चा और एसटी मोर्चा की नवीनतम कार्यकारिणी में जनपद बुलंदशहर का वर्चस्व देखने को मिला है। गुरुवार रात 8 बजे लखनऊ पार्टी कार्यालय से जारी सूची में बुलंदशहर के 6 वरिष्ठ नेताओं को स्थान मिला है। संगठन ने जिले के कई वरिष्ठ और निष्ठावान नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। क्षेत्रीय संगठन में बुलंदशहर के बढ़ते कद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले के प्रमुख कार्यकर्ताओं को मोर्चा कार्यकारिणी में उच्च पदों पर आसीन किया गया है। घोषित सूची के अनुसार नेमपाल सिंह लोधी को भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।आलोक जाटव को अनुसूचित मोर्चा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। अखिल जाटव को अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। धीरज वाल्मीकि को अनुसूचित मोर्चा में प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। हर्ष जाटव को अनुसूचित मोर्चा का प्रदेश मंत्री मनोनीत किया गया है। प्रमोद मीणा को एसटी मोर्चा का पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है जिले के नेताओं को मिली इस बड़ी उपलब्धि पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि इन नियुक्तियों से न केवल जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी, बल्कि आने वाले चुनावों में भी पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व द्वारा बुलंदशहर के कार्यकर्ताओं को दी गई यह जिम्मेदारी जिले के निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उज्जवल कार्यकाल की कामना उन्होंने सभी नव-मनोनीत पदाधिकारियों के उज्जवल कार्यकाल की कामना की और विश्वास जताया कि सभी नेता अपनी-अपनी भूमिकाओं का पूरी निष्ठा और कुशलता से निर्वहन करेंगे। बधाई देने वालों में जिला कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने नवनियुक्त नेताओं को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)