भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर इंटीरियर डिजाइनर ने चुराई:महाराष्ट्र से गिरफ्तार, पुलिस को गुमराह करने के लिए लंगड़ाते हुए की थी वारदात

Nov 18, 2026 - 19:05
0
भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर इंटीरियर डिजाइनर ने चुराई:महाराष्ट्र से गिरफ्तार, पुलिस को गुमराह करने के लिए लंगड़ाते हुए की थी वारदात
प्रयागराज में भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर चोरी करने वाला कोई शातिर वाहन चोर नहीं, बल्कि इंटीरियर डिजाइनर निकला। उसने अपने साथी के साथ मिलकर पहले कार की डुप्लीकेट चाबी बनवाई और फिर मौका देखकर उसे पार कर दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मास्टरमाइंड ने चोरी के दौरान जानबूझकर लंगड़ाते हुए चलने का नाटक भी किया था। कार चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कार लेकर प्रयागराज से रीवा होते हुए महाराष्ट्र पहुंच गए थे। वहां गाड़ी की असली नंबर प्लेट बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी और उसे बेचने की तैयारी में थे। सिविल लाइंस पुलिस और सर्विलांस सेल ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद कर ली है। होटल के बाहर खड़ी थी भाजपा नेता की कार मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। भाजपा नेता और ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल की फॉर्च्यूनर कार 24 अक्टूबर को चोरी हो गई थी। उनकी कार म्योर रोड स्थित होटल रॉयल स्टे इन के बाहर खड़ी थी। काफी तलाश के बाद भी कार का पता नहीं चला तो उन्होंने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया। कार धुलवाने पहुंचा ड्राइवर, तभी रची गई साजिश पुलिस के मुताबिक, चोरी की साजिश का मास्टरमाइंड मोहम्मद इस्तियाक उर्फ मोहम्मद शाह है। वह मूल रूप से शिवकुटी के रसूलाबाद का रहने वाला है और महाराष्ट्र में इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करता था। पूछताछ में सामने आया कि 9 अक्टूबर को भाजपा नेता का ड्राइवर मोहम्मद आजम सिविल लाइंस में फॉर्च्यूनर धुलवाने पहुंचा था। इसी दौरान इस्तियाक वहां पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत हुई और कार चोरी करने की योजना बन गई। इसके बाद इस्तियाक, आजम और उनके एक अन्य साथी ने मिलकर कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली। चोरी के लिए 22 अक्टूबर की तारीख तय की गई। योजना के मुताबिक, इस्तियाक पहले महाराष्ट्र चला गया और आजम ने भी कार चलाना बंद कर दिया, ताकि किसी को शक न हो। तय तारीख पर इस्तियाक दोबारा प्रयागराज पहुंचा। इसके बाद दोनों ने रात में डुप्लीकेट चाबी की मदद से फॉर्च्यूनर चोरी कर ली। पुलिस को भटकाने की थी चाल इस चोरी की एक खास बात यह थी कि वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में कार चोरी करने वाला शख्स लंगड़ाते हुए चलता दिखाई दिया था। पुलिस ने जब इस फुटेज के आधार पर जांच शुरू की तो आरोपी की पहचान करने की कोशिश की गई। पूछताछ में इस्तियाक ने बताया कि उसने जानबूझकर लंगड़ाने का नाटक किया था। उसका मकसद पुलिस को गुमराह करना था, ताकि फुटेज में दिखने वाले शख्स की पहचान और हुलिए के आधार पर जांच भटक जाए। प्रयागराज से रीवा होते हुए महाराष्ट्र पहुंचा दी कार कार चोरी करने के बाद आरोपियों ने उसे प्रयागराज में नहीं रखा। पुलिस के मुताबिक, वे कार लेकर नैनी, छिवकी, मेजा और कोरांव के रास्ते रीवा पहुंचे। वहां से महाराष्ट्र चले गए। रास्ते में कार की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी। इसके बाद दोनों महाराष्ट्र में कार को बेचने की फिराक में थे। सिविल लाइंस पुलिस और सर्विलांस सेल नगर की टीम ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को ट्रेस किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नवी मुंबई कमिश्नरेट के तलोजा थाना क्षेत्र स्थित एमआईडीसी ग्राउंड से मोहम्मद इस्तियाक और मोहम्मद आजम को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली गई। कर्ज में गिरवी रख दी थी अपनी फॉर्च्यूनर पुलिस पूछताछ में इस्तियाक ने चोरी की वजह भी बताई। उसके मुताबिक, वह महाराष्ट्र में इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करता था। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान काम बंद हो गया तो वह वापस प्रयागराज के रसूलाबाद आ गया। इसके बाद यहीं रहकर काम करने लगा। इसी दौरान वह शेयर ट्रेडिंग में काफी पैसा गंवा बैठा। आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते उसे अपनी फॉर्च्यूनर कार भी पांच लाख रुपये में गिरवी रखनी पड़ी। इसी बीच उसकी मुलाकात आजम से हुई। आजम भाजपा नेता पीयूष जायसवाल का ड्राइवर था। इस्तियाक को पता था कि आजम का कार से सीधा जुड़ाव है। इसी का फायदा उठाकर उसने भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर चोरी करने की योजना बना ली। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इस्तियाक उर्फ मोहम्मद शाह (45) निवासी रसूलाबाद, शिवकुटी और मोहम्मद आजम (29) निवासी बेली गांव, थाना कैंट के रूप में की है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी वांछित है। दोनों को कोर्ट की अनुमति से जेल भेज दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User